नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की रैली के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने चुनावों में वोट चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश में कई सालों से वोट चोरी हो रही है। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक के चुनावों के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव में भी वोट चोरी हुई है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) के जरिए वोटों में गड़बड़ी की गई। इसके अलावा मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाकर और नए नाम जोड़कर भी चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमित शाह ने कहा था कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जाने वाले हैं, लेकिन वह इसका उल्टा कह रहे हैं कि नरेंद्र मोदी कहीं जा नहीं सकते। अगर वह जाना भी चाहें तो उन्हें जाने नहीं दिया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार के बाद वे सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार के सामने खड़े होंगे। उन्होंने कहा कि इन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह याद रखिए, आप कहीं नहीं जा सकते हैं। ज्ञानेश कुमार के साथ ही मोदी और शाह पर भी कार्रवाई होगी।’

रामलीला मैदान में पहुंचे विपक्षी दलों के कार्यकर्ता और समर्थक
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से कोई नफरत नहीं है। उन्होंने कहा कि वे नफरत नहीं, बल्कि मोहब्बत की दुकान खोलने वाले लोग हैं और अहिंसा में विश्वास रखते हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके लिए कोई दुश्मन नहीं है, न नरेंद्र मोदी, न अमित शाह और न ही ज्ञानेश कुमार। लेकिन देश के हर नागरिक की आवाज उनके लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है। यहां तक कि यह आवाज उनके धर्म से भी ऊपर है। उन्होंने कहा कि वे हिंसा नहीं करेंगे, किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे और नफरत नहीं फैलाएंगे, बल्कि मोहब्बत के साथ काम करेंगे। हालांकि, राहुल गांधी ने साफ कहा कि वे किसी भी कीमत पर संविधान को बर्बाद नहीं होने देंगे और ऐसा करने की किसी को अनुमति नहीं देंगे।
राहुल गांधी नेमुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैं देश के हर नागरिक और युवा से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाया जाएगा और उन्हें जेल जाना पड़ेगा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश कुमार के बिना न तो नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बन पाते और न ही शाह गृह मंत्री बन पाते। आरएसएस ने देश की सारी संस्थाओ को कैप्चर कर लिया है। उन्होंने कहा कि देश में किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा है और युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। मजदूर भी अपने अधिकारों से वंचित हैं, जबकि देश की पूरी संपत्ति दो-तीन लोगों के हाथों में सिमट गई है। राहुल गांधी ने कहा कि वे ऐसा भारत नहीं चाहते और न ही देश में इस तरह की व्यवस्था को स्वीकार करेंगे।



महबूबा मुफ्ती बोलीं- ये कहीं पूरे देश को जम्मू-कश्मीर न बना दें
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने कहा कि जो इस देश की समस्या है, उसको बदलना चाहते हैं, देश को बदलना चाहते हैं। आप आज नहीं बदलेंगे तो बहुत देर हो जाएगी। 2014 तक जितनी सरकारों ने संपत्ति बनाई थी उसे कारोबारी दोस्तों को दे दी। इन्होंने वादे किए थे कि नौकरियां देंगे जो आर्मी में शान से जाते थे, उन्हें भी अग्निवीर बना दिया।
फारूक अब्दुल्ला बोले- हमें सिर्फ भगवान से डरना है, इनसे नहीं
नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हम लोग यहां जमा हैं कि ये बताएं कि मुसलमानों पर ये हर वक्त उंगली उठाते हैं। कहते हैं कि ये पाकिस्तानी है। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि हमने भारत के लिए खून दिया है। आगे भी देते रहेंगे। हमें इसी वतन में रहना है।
जैसे अखिलेश जी ने कहा कि यूपी में एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं को भी वोटर्स लिस्ट से हटा दिया क्या वो भी पाकिस्तानी हैं। ये अंबेडकर का संविधान है, इसमें हम सब बराबर हैं।
फारूक ने ये भी कहा कि हमें संघर्ष करना है, ताकि कोई भी भारतीय वोट से मरहूम न हो। हमें सिर्फ भगवान से डरना है, इनसे डरना नहीं है। हमें मिलकर साथ चलना होगा। जम्मू-कश्मीर पहले भी भारत का हिस्सा था, आगे भी रहेगा।
ममता बोलीं- आपने नौकरी लूटीं, मां-बहनों का सम्मान लूटा
ममता बोलीं- हम छोड़ेंगे नहीं, जिदंगी देंगे, हम लड़ेंगे। हमारा बंगाल लूट लिया गया। हम लोकतंत्र बचाएंगे। लोकतंत्र लूटा गया, अधिकार लूटा गया, इलेक्शन काउंटिंग लूटी गई। आप सिर्फ वोट नहीं, पूरी काउंटिंग वैनिश की है। हम हारे नहीं, हमको हराया गया है।
ममता ने ये भी कहा कि आपने नौकरी लूटी, जिंदगी लूटी, मां-बहनों का सम्मान लूटा। ज्ञानेश कुमार जी वैनिश वैनिश… यस पापा, लूट लिया, यस पापा, तुम्हारे पीछे कौन है, बीजेपी पापा, किसानों का रिस्पेक्ट चोरी, बीजेपी पापा…। भाजपा का साथ, सबका सत्यनाश।
अखिलेश बोले- 2027 में विदाई तय
अखिलेश यादव ने कहा कि हम आपने देखा है कि भाजपा लगातार साजिश रच रही है। वे जानते हैं लोकतंत्र से जीत नहीं सकते तो चुनाव आयोग को हथियार बनाया। उन्होंने बंगाल चुनाव उन्होंने लूटा है। चुनाव से पहले एसआईआर कराकर वोट कटवा दिए थे।
अखिलेश ने कहा, ‘जो लोग कभी यूपी से आए थे, वो यूपी से ही जाएंगे। यूपी वाले स्वागत अच्छा करते हैं तो विदाई भी अच्छी करते हैं। 2027 में विदाई तय है। ये राम जी की लीला का मैदान है। जो पापी है उसका नाश होता है। राम जी के सामने वो पापी बचने वाले नहीं। जिन्होंने चंदा चोरी की है, जिन्होंने चढ़ावा चोरी की उनका नाश नहीं, सर्वनाश होगा।
खड़गे बोले- मोदी अपना वोट खुद चुन रहे
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी आज लोगों में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं, वे खुद वोट चुन रहे हैं। उनको वोट कौन देगा, वे वोटर्स चुनते हैं। आज की केंद्र सरकार, बिहार सरकार, यूपी सरकार, ये सब चोरी की सरकार हैं।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि चलो दिल्ली मार्च ऐतिहासिक है। मोदी, शाह ने युवाओं का वोट छीनने की कोशिश की। महिलाओं का वोट छीनने की कोशिश की। उसके खिलाफ आज हम जुटे हुए हैं। मोदी जो अपने एक चेले को बैठाकर आज सबके वोट तोड़ने का काम कर रहे हैं, उन ज्ञानेश कुमार के निकालने के लिए हम यहां बैठे हैं।
तेजस्वी यादव बोले- ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि वैसे तो रामलीला मैदान में रामलीला आयोजित होती है। हमने वोट चोरों के लिए महाभारत का आयोजन किया है। हमें कुरुक्षेत्र बनाना पड़ रहा है। आप शकुनि को जानते हैं, उसका पांसा कौन था। शकुनि जब पासा फेंकता था तो वह वही कहता था जो वो कहता था।
CPM महासचिव बोले- ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेना है
CPM महासचिव एमए बेबी बोले- यहां दूसरा आजादी का आंदोलन है। फासीवादी, आरएसएस के हाथ से देश को बचाना है। संघर्ष के रास्ते एकजुट होकर हम आगे जाएंगे। वोट चोरी करने वाले ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेना है।
अधीर रंजन चौधरी बोले- अब भाजपा का जाना तय
अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मैंने अपनी जिंदगी में दिल्ली में ऐसी रैली नहीं देखी। मौजूदा हालात में जब बीजेपी सत्ता में है और प्रधानमंत्री मोदी कमान संभाले हुए हैं, तब जनभावनाओं की ऐसी जबरदस्त लहर देखने को मिलना, ऐसा मैंने अब तक न तो कभी सुना है और न ही देखा है। इससे पता चलता है कि बीजेपी के जाने का समय तय हो रहा है। उनका जाना अब पूरी तरह से तय है।

इंडिया ब्लॉक ने रविवार को दिल्ली में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में पहले मार्च और फिर रैली की। चार घंटे चले विरोध प्रदर्शन में 20 विपक्षी पार्टियां शामिल हुईं।
रामलीला मैदान में लेफ्ट नेता एमए बेबी, तेजस्वी यादव, मल्लिकार्जुन खड़गे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, फारुक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती और आखिर में राहुल गांधी ने स्पीच दी।







