जगदलपुर। जगदलपुर में संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स से ग्राहक बनकर आई महिलाओं ने एक किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषणों से भरा डिब्बा चोरी कर लिया। दुकान संचालक ने इसकी कीमत 1.74 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई है। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
नजर बचाकर झोले में रखा सोने का डिब्बा
आरोपी महिलाएं अपने साथ बच्चों को लेकर मोती ज्वेलर्स पहुंची थीं। दुकान में आभूषण देखने के बहाने उन्होंने दुकानदार को अपने झांसे में लिया और बातों में व्यस्त रखा। इसी दौरान दुकानदार का ध्यान दूसरी तरफ भटकते ही एक महिला ने सोने के गहनों से भरा डिब्बा उठाकर अपने झोले में रख लिया। इसके बाद महिलाएं बच्चों के साथ तुरंत दुकान से बाहर निकल गईं। दुकानदार को जब तक चोरी का अहसास होता, तब तक आरोपी महिलाएं वहां से रफूचक्कर हो चुकी थीं।
बिलों के आधार पर किया जाएगा सटीक मूल्यांकन
दुकान संचालक के अनुसार, गायब हुए डिब्बे में 1 किलोग्राम से ज्यादा वजन के सोने के आभूषण रखे हुए थे। इनकी बाजार कीमत 1 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि चोरी गए आभूषणों की वास्तविक मात्रा और उनकी सटीक कीमत का आधिकारिक आकलन होना अभी बाकी है। पुलिस ने मामले की सच्चाई जांचने के लिए दुकान मालिक से सोने के आभूषणों के बिल मांगे हैं। बिलों के मिलान के बाद ही चोरी हुए सोने की सही मात्रा और मूल्य का निर्धारण किया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस कर रही पहचान
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरी में शामिल महिलाओं और बच्चों की पहचान की जा सके। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आरोपी महिलाएं स्थानीय क्षेत्र की हैं या किसी बाहरी गिरोह से ताल्लुक रखती हैं। कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने बताया कि जांच के बाद ही स्थिति साफ होगी।




