Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: सराफा व्यापारी से 2 करोड़ की लूट, कनपटी पर बंदूक अड़ाकर जेवर से भरा बैग ले गए बदमाश; लिफ्ट मांगने के बहाने गाड़ी रुकवाई

छत्तीसगढ़: सराफा व्यापारी से 2 करोड़ की लूट, कनपटी पर बंदूक अड़ाकर जेवर से भरा बैग ले गए बदमाश; लिफ्ट मांगने के बहाने गाड़ी रुकवाई

जगदलपुर। दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर नेशनल हाईवे-63 पर सोमवार शाम सराफा कारोबारी से लूट हुई है। दो अज्ञात बदमाशों ने 2 करोड़ रुपए से ज्यादा के सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। व्यापारी बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में अपनी दुकान बंद करने के बाद एक व्यापारी के साथ बुकिंग पर ली गई गाड़ी से गीदम स्थित अपने घर लौट रहा था।

इसी दौरान जंगल में 2 बदमाशों ने लिफ्ट मांगने के बहाने गाड़ी रुकवाई और उसमें बैठ गए। इसके बाद दोनों ने व्यापारी और ड्राइवर की कनपटी पर बंदूक तान दी। चाकू की नोक पर धमकाकर आभूषणों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब 1300 ग्राम सोने के आभूषण थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 80 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।

इसके अलावा बैग में 15 किलो से ज्यादा चांदी के आभूषण भी थे, जिनकी कीमत करीब 25 से 28 लाख रुपए बताई गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक FIR दर्ज नहीं हुई है। पुलिस की जांच और आभूषणों के सत्यापन के बाद ही लूट की वास्तविक कीमत स्पष्ट हो सकेगी। मामला नेलसनार थाना क्षेत्र का है।

हाथ दिखाकर रुकवाई गाड़ी, फिर तान दी बंदूक

जानकारी के मुताबिक, व्यापारी स्वरुप सोनी शाम के समय भैरमगढ़ से गीदम के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ एक व्यापारी भी था। दोनों निजी गाड़ी बुक कर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेलसनार थाना क्षेत्र में बीच जंगल में अज्ञात लोगों ने सड़क पर हाथ दिखाकर गाड़ी रुकवाई।

इसके बाद 2 लोग गाड़ी में सवार हो गए और कुछ दूर आगे ले जाने के बाद व्यापारी और ड्राइवर को हथियारों के दम पर धमकाया। बदमाशों ने दोनों की कनपटी पर बंदूक तान दी और चाकू भी अड़ा दिया। इसके बाद सोने-चांदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

कुछ दूरी पर फेंके मोबाइल, पुलिस जांच में जुटी

वारदात के बाद बदमाश कुछ दूरी पर व्यापारी और ड्राइवर के मोबाइल फोन फेंककर फरार हो गए। वारदात के बाद किसी तरह व्यापारी पुलिस थाने पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है।

बदमाश कौन थे और उन्होंने वारदात को किस तरह अंजाम दिया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास के रास्तों और वारदात स्थल से जुड़े सुराग खंगाल रही है।

नेलसनार थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल का कहना है कि लूट कितने ग्राम सोने-चांदी के आभूषणों की हुई है ये अभी स्पष्ट नहीं है। व्यापारी हिसाब कर के आएंगे बोले हैं। उन्होंने कहा कि, हम मामले की जांच कर रहे हैं।

दो दिन पहले जगदलपुर में भी हुई थी 1.74 करोड़ की चोरी

बता दें कि धनतेरस की रात जगदलपुर के संजय मार्केट स्थित एक सर्राफा दुकान में भी चोरी हुई थी। ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं और बच्चों ने करीब 1200 ग्राम सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए थे।

चोरी किए गए आभूषणों की कीमत करीब 1 करोड़ 74 लाख रुपए बताई गई थी। हालांकि, इस सबंध में पुलिस जल्द ही खुलासा कर सकती है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram