जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिला मुख्यालय जांजगीर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अमरैया पारा वार्ड नंबर 23 में शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े लूट की वारदात हुई। घर में अकेली महिला को देखकर गमछे से चेहरा ढके दो बदमाश अंदर घुस गए।
आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ मारपीट कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपए नकद लूट लिए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे महिला घर पर अकेली थी। उसके पति स्कूल गए हुए थे, जबकि सास-ससुर किसी काम से बिलासपुर गए थे। इसी दौरान महिला को छत के ऊपर किसी के चलने की आहट सुनाई दी। जब वह बाहर पहुंची तो गमछे से चेहरे ढके दो अज्ञात युवक दिखाई दिए।
आरोप है कि दोनों बदमाशों ने महिला को पकड़कर कमरे के अंदर ले गए और अलमारी की चाबी मांगने लगे। महिला ने चाबी नहीं होने की बात कही तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद घर में तलाश करने पर उन्हें अलमारी की चाबी मिल गई। बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात और 8 हजार रुपए नकद निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूकेलैंड यॉर्क ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्धों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों को जल्द हिरासत में लेने का प्रयास कर रही है।




