Home » विदेश » इराक के तेल ठिकानों पर ईरान का हमला; मिसाइल हमले में अबु धाबी में एक की मौत

इराक के तेल ठिकानों पर ईरान का हमला; मिसाइल हमले में अबु धाबी में एक की मौत

पश्चिम एशिया का तनाव बढ़ता जा रहा है और अमेरिका-इस्राइल बनाम ईरान संघर्ष ने नई भयावह रफ्तार पकड़ ली है। मिसाइल और ड्रोन हमले लगातार जारी हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यापारिक जहाज भी हमलों की चपेट में हैं। यह संघर्ष अब 18वें दिन में प्रवेश कर चुका है, जबकि क्षेत्रीय और वैश्विक आर्थिक स्थिरता पर भी इसका असर दिखने लगा है।

तेहरान में धमाके

तेहरान में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। शहर के उत्तरी हिस्से में स्थित सादाबाद पैलेस  परिसर के आसपास कुछ ही मिनटों के अंतराल में कई तेज धमाकों की आवाज सुनी गई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक धमाकों का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन इससे पहले शहर के केंद्र में बड़े हमले की खबरें आई थीं। रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि करज, शहरयार और शिराज की ओर जाने वाले इलाकों में भी हमलों की सूचना मिली है।

बगदाद में अमेरिकी दूतावास के पास विस्फोट

बगदाद में भी सुरक्षा स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एक ड्रोन घुसपैठ के बाद एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी दूतावास को निशाना बनाकर किए गए हमले की कोशिश को विफल करने की कार्रवाई की। इस दौरान दूतावास के आसपास जोरदार विस्फोट की आवाज सुनी गई।

हिजबुल्ला पर कार्रवाई को लेकर इस्राइल की अपील

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं। इस्राइल के राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने लेबनान में सशस्त्र संगठन हिजबुल्ला के खिलाफ चल रही कार्रवाई में यूरोपीय देशों से समर्थन देने की अपील की है। उन्होंने इमैनुएल मैक्रों के उस प्रस्ताव का स्वागत किया, जिसमें फ्रांस ने लेबनान और इस्राइल के बीच प्रत्यक्ष वार्ता कराने की पेशकश की है। हर्जोग ने कहा कि बातचीत आगे बढ़ाने का यह सही समय है और इससे दोनों देशों के बीच तनाव कम करने का रास्ता निकल सकता है।

ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का दावा

ईरानी इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने कहा कि उसने ‘ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 का 57वां चरण’ पूरा कर लिया है। IRGC का दावा है कि उन्होंने इस्राइल में कमांड, नियंत्रण और मिसाइल रक्षा ढांचे को लक्षित कर मिसाइल हमले किए। साथ ही, कतर में स्थित अल-उदैद बेस, जहां अमेरिकी सैनिक तैनात हैं, को भी मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया गया। कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश की वायु रक्षा प्रणाली ने आज ईरान से दागे गए 14 में से 13 बैलिस्टिक मिसाइलों और कई ड्रोन को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। एक मिसाइल बेदखली क्षेत्र में गिरी, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ।

लेबनान में हिजबुल्ला और इस्राइली सेना की भिड़ंत

आज इस्राइल के रक्षा मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से पुष्टि की कि लेबनान के अंदर जमीनी अभियान शुरू हो गया है और इसे बढ़ाए जाने की संभावना है। हालांकि, इस्राइली सैनिक लंबे समय से लेबनान में सक्रिय हैं, यह केवल पिछले दो हफ्तों की बात नहीं है। 2024 के अंत में हुई युद्धविराम संधि का उल्लंघन करते हुए इस्राइल ने लेबनान में अग्रिम युद्ध स्थिति तैयार की थी।

यूएई ने हवाई क्षेत्र बंद किया

ईरानी हमलों के बीच यूएई के नागरिक विमानन प्राधिकरण ने देश के हवाई क्षेत्र को अस्थायी और पूर्ण रूप से बंद करने की घोषणा की। सरकारी मीडिया ने इसे विशेष सुरक्षा उपाय बताया, ताकि उड़ानों और हवाई दल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यूएई की सीमाओं की रक्षा हो सके।

ईरान समर्थित सशस्त्र बलों ने इराक में अमेरिकी ठिकानों पर किया हमला

इराक में ईरान समर्थित उग्रवादी गुट ने अमेरिकी ठिकाने पर हमला किया है। यह हमला राजधानी बगदाद में रॉयल ट्यूलिप होटल पर विस्फोटक लदे ड्रोन से किया गया। हालांकि इस हमले में किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है। रॉयल ट्यूलिप होटल में विभिन्न विदेशी राजनयिक ठहरते हैं। यह होटल अमेरिकी दूतावास के नजदीक ही स्थित है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इराक में ईरान समर्थित गुटों ने अमेरिकी ठिकानों पर हमला किया था।

यूएई के फुजैराह बंदरगाह पर हमला; इस्राइल ने ईरान, बेरूत पर किए हमले

संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह बंदरगाह के नजदीक एक टैंकर पर हमला हुआ है। इस हमले के कारण फुजैराह ऑयल इंडस्ट्री जोन में आग लग गई। इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। ईरान की तरफ से हो रहे हमलों के चलते ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था, लेकिन बाद में इसे खोल दिया गया।

मंगलवार को इस्राइल ने लेबनान में हवाई हमले किए। इन हमलों में एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है। ये हमले दक्षिणी बेरूत में किए गए।

मिसाइल हमले में अबु धाबी में एक की मौत

ईरान और अमेरिका-इस्राइल की जंग में यूएई को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंगलवार को अबु धाबी के बानी यास इलाके में एक मिसाइल हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। अबु धाबी के मीडिया ने बताया कि बैलेस्टिक मिसाइल को इंटरसेप्ट किया गया था, लेकिन उसके मलबे की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई।

ईरान ने दी आईआरआईएस देना पर हमले का बदला लेने की धमकी

ईरानी नौसेना ने आईआरआईएस देना पर हमले का बदला लेने की धमकी दी है। ईरानी नौसेना के कमांडर शाहराम ईरानी ने कहा कि तेहरान इसका बदला जरूर लेगा। हम दुश्मन के इस अपराध को नहीं भूलेंगे और हम ऐसी जगह से हमला करेंगे, जहां से उन्हें उम्मीद न हो।

हाल ही में ईरानी सेना के प्रमुख आमिर हातामी ने भी कहा था कि नौसैनिकों का बलिदान जाया नहीं जाएगा। बीती 4 मार्च को अमेरिका ने टारपीडो हमला कर ईरान के एक जहाज श्रीलंका के तट के करीब डुबो दिया था। इस हमले में 87 नौसैनिक मारे गए थे। हमले के वक्त जहाज पर 180 नौसैनिक सवार थे।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram