कोरबा जिले के कटघोरा के मुरली होटल में सांभर में कीड़े मिलने की घटना के बाद खाद्य विभाग ने जिलेभर में होटलों और मिठाई दुकानों की जांच तेज कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को शिकायत के आधार पर पावरहाउस रोड स्थित हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स/छप्पन भोग का निरीक्षण कर खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के सैंपल लिए गए।
वहीं, रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स में जांच के दौरान करीब 70 से 75 किलो खराब मिठाई मिली। विभाग की टीम ने मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया और साफ-सफाई में सुधार होने तक दुकान बंद करा दी।
शिकायत पर हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स से सैंपल
खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को प्राप्त शिकायत के आधार पर पावरहाउस रोड कोरबा स्थित फर्म हरियाणा जलेबी एंड स्वीट्स/छप्पन भोग का निरीक्षण किया।
इस दौरान खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर अधिकारियों ने खोवा जलेबी और रबड़ी जलेबी के नमूने लिए। दोनों सैंपल जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुनील स्वीट्स में मिली 70-75 किलो खराब मिठाई
दूसरी ओर, रजगामार स्थित सुनील स्वीट्स में भी खाद्य विभाग की टीम ने दबिश दी। निरीक्षण के दौरान दुकान की स्थिति अस्वास्थ्यकर पाई गई। किचन और स्टोर में साफ-सफाई का अभाव था। जांच में करीब 70 से 75 किलो खराब हो चुकी मिठाई भी मिली। अधिकारियों ने तत्काल मिठाई को मौके पर ही नष्ट कराया।
स्वच्छता की स्थिति में सुधार होने तक दुकान बंद करा दी गई है। अधिकारियों ने संचालक को कड़ी फटकार लगाते हुए साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी
संबंधित विभाग के अधिकारी ने बताया कि जिले में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के छोटे-बड़े होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में औचक निरीक्षण किया जाएगा। जहां भी खामियां मिलेंगी, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कटघोरा के मुरली होटल में सांभर में कीड़े मिलने की घटना के बाद से खाद्य विभाग अलर्ट है। विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि खाद्य सामग्री में मिलावट या खराब गुणवत्ता की शिकायत मिलने पर तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।




