Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: मरे हुए शख्स को जिंदा करने का दावा करने वाला फर्जी बाबा गिरफ्तार; 50 से ज्यादा लोगों को ठगा

छत्तीसगढ़: मरे हुए शख्स को जिंदा करने का दावा करने वाला फर्जी बाबा गिरफ्तार; 50 से ज्यादा लोगों को ठगा

सरगुजा। अंबिकापुर में मरे हुए शख्स को जिंदा करने का दावा करने वाले फर्जी बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नौशाद अली उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह 9 महीने पहले ही अंबिकापुर आया था। रसूलपुर में वह अपने चेले बबलू खान के घर पर रहता था।

बाबा रूहानी ताकत का डर दिखाकर और जादू-टोने से सब ठीक करने का दावा कर लोगों को ठगता था। वह नि:संतान दंपती को संतान दिलाने का दावा भी करता था। उसने 50 से ज्यादा लोगों से ठगी की है। किसी से 4 लाख, किसी से 9 लाख तो किसी से 75 हजार रुपए लिए।

रसूलपुर के रहने वाले 50 से ज्यादा लोग 24 नवंबर की रात थाने पहुंचे और बाबा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

रसूलपुर के रहवासी 24 नवंबर की रात थाने पहुंचे। - Dainik Bhaskar
रसूलपुर के रहवासी 24 नवंबर की रात थाने पहुंचे।

9 महीने पहले अंबिकापुर आया था नौशाद अली

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला नौशाद अली करीब 9 महीने पहले रसूलपुर निवासी दीपक खान के घर पहुंचा था। उसने खुद को सूफी सईद बाबा बताया और अपने ठिकाने का नाम ‘रकह बाबे शिफा’ रखा था।

रूहानी ताकतों का मालिक बताने का आरोप

आरोप है कि वह लोगों को जादू-टोना और बीमारी ठीक करने का भरोसा दिलाता था। खुद को रूहानी ताकतों का मालिक और खुदा का मसीहा बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था।

टारगेट में 25-27 साल के यूथ

वकील मो. अनीस ने बताया कि बाबा 25-27 साल के युवाओं को टारगेट करते थे। जिनका काम नहीं चलता था, उन्हें रात में आकर मिलने के लिए कहते थे।

वकील ने बताया एक बच्चे की तबीयत खराब थी। उसे ठीक करने का दावा करते हुए उसके पिता से साढ़े 4 लाख रुपए लिए। 2 महीने बाद बच्चे की मौत हो गई। जवाब मांगने पर बाबा ने रूहानी ताकत से खत्म करने का डर दिखाया।

अलग-अलग लोगों से लाखों रुपए लिए

शिकायतकर्ता आसीर अंसारी ने बताया कि नौशाद अली ने उससे फोन-पे और कैश के जरिए कुल 75 हजार रुपए लिए। वहीं, शिकायत में बैकुंठपुर के बाबा खान से 9 लाख रुपए, रसूलपुर के शाहिद से 4 लाख रुपए और यासीर खान से 75 हजार रुपए लेने का आरोप लगाया गया है।

इसके अलावा आदिल से 10 हजार, सोएब अख्तर से 20 हजार, समीर सिद्दीकी से 20 हजार और लारेब अहमद से भी 20 हजार रुपए लेने की शिकायत की गई है। अन्य लोगों से भी हजारों रुपए लेने का आरोप है।

बाबा ने खुद एआई से बनाया था फोटो। - Dainik Bhaskar
बाबा ने खुद एआई से बनाया था फोटो।

ठिकाने पर पहुंचे लोग, लेकिन नहीं मिला आरोपी

कई लोगों से ठगी की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने कथित बाबा के ठिकाने को भी घेर लिया था। हालांकि, वहां पहुंचने पर पता चला कि नौशाद अली मौजूद नहीं है। इसके बाद लोगों ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने किया गिरफ्तार

लोगों की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने नौशाद अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

ASP बोले- जांच के बाद होगा खुलासा

सरगुजा ASP राजेश देवांगन ने कहा कि बाबा घूम-घूमकर नि:संतान दंपती को बच्चे पैदा कराने का दावा करता था। जो छोटी-छोटी समस्याओं से परेशान रहते थे, उन्हें जादू-टोने का डर दिखाकर ठगी करता था। कई लोगों से ठगी हुई है। जांच के बाद पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram