Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: प्रदेश के सभी कॉलेज-स्टूडेंट्स को 60 घंटे की इंटर्नशिप जरूरी, 30 कॉलेजों में बनेंगी मॉडर्न लैब और स्मार्ट क्लासरूम

छत्तीसगढ़: प्रदेश के सभी कॉलेज-स्टूडेंट्स को 60 घंटे की इंटर्नशिप जरूरी, 30 कॉलेजों में बनेंगी मॉडर्न लैब और स्मार्ट क्लासरूम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कॉलेजों में पढ़ने वाले करीब 1.40 लाख स्टूडेंट्स को अब 60 घंटे की इंटर्नशिप करनी होगी। इसके लिए हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट रोडमैप तैयार करेगा।

स्टूडेंट्स को इंडस्ट्री, कॉर्पोरेट कंपनियों, एजुकेशनल प्रोजेक्ट्स और कम्युनिटी ऑर्गनाइजेशन में इंटर्नशिप का मौका मिलेगा। इससे उन्हें पढ़ाई के साथ काम करने का प्रैक्टिकल एक्सपीरियंस भी मिलेगा। इंटर्नशिप पूरी करने पर दो क्रेडिट मिलेंगे।

नेशनल एजुकेशन पॉलिसी-2020 के तहत तैयार इंटर्नशिप ऑपरेशन पॉलिसी-2026 को राज्यपाल की मंजूरी मिल चुकी है। इसके लिए यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में इंटर्नशिप सेल बनाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई हायर एजुकेशन डिपार्टमेंट की रिव्यू मीटिंग में इंटर्नशिप पॉलिसी, कॉलेजों में सुविधाओं और खाली पदों पर भर्ती की समीक्षा की गई। बैठक में हायर एजुकेशन मिनिस्टर टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।

30 कॉलेजों में बनेंगी मॉडर्न लैब और स्मार्ट क्लासरूम

प्रदेश के 30 कॉलेजों को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में डेवलप किया जाएगा। यहां मॉडर्न लैब, एडवांस लाइब्रेरी और स्मार्ट क्लासरूम जैसी सुविधाएं तैयार की जाएंगी। स्टूडेंट्स की स्किल डेवलपमेंट, कॉम्पिटिटिव एग्जाम की तैयारी और प्लेसमेंट पर भी फोकस रहेगा।

इसके लिए बजट में हर कॉलेज को मॉडर्न इक्विपमेंट, मशीन, मटेरियल और कॉन्फ्रेंस के लिए 3 करोड़ रुपए देने का प्रावधान किया गया है।

1295 टीचिंग पोस्ट पर भर्ती की तैयारी

सरकारी कॉलेजों में टीचर्स की कमी दूर करने के लिए 1295 टीचिंग पोस्ट पर भर्ती की तैयारी है। इनमें प्रोफेसर के 595 पोस्ट पर डायरेक्ट रिक्रूटमेंट की प्रक्रिया छत्तीसगढ़ पब्लिक सर्विस कमीशन (सीजीपीएससी) में चल रही है।

वहीं, 15 सब्जेक्ट में असिस्टेंट प्रोफेसर के 625 पोस्ट, लाइब्रेरियन के 50 और स्पोर्ट्स ऑफिसर के 25 पोस्ट सहित कुल 700 पोस्ट पर भर्ती का प्रपोजल आयोग को भेजा गया है।

दिसंबर में 143 असिस्टेंट प्रोफेसर्स की प्रमोशन प्रक्रिया

अब तक 362 असिस्टेंट प्रोफेसर्स को प्रमोशन देकर प्रोफेसर बनाया गया है। दिसंबर में 143 पात्र असिस्टेंट प्रोफेसर्स के प्रमोशन का प्रपोजल भेजने की तैयारी है। बैठक में मुख्यमंत्री ने हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट्स को नॉलेज, रिसर्च, इनोवेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के सेंटर के रूप में डेवलप करने पर जोर दिया।

वहीं, हायर एजुकेशन मिनिस्टर ने इंटर्नशिप, इंग्लिश कम्युनिकेशन स्किल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की ट्रेनिंग और डिजिटल सर्विसेज को लेकर दिशा-निर्देश दिए।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram