अयोध्या। हिंदू नववर्ष, प्रतिपदा के शुभ क्षण में आज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर एक नए इतिहास का साक्षी बनेगा, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंदिर के द्वितीय तल पर श्रीराम यंत्र की विधिवत स्थापना करेंगी। इस समारोह का साक्षी बनने के लिए करीब सात हजार मेहमान मौजूद रहेंगे।
श्रीराम यंत्र स्थापना के बाद राष्ट्रपति प्रथम तल पर विराजमान राम परिवार का दर्शन-पूजन एवं आरती करेंगी। इसके बाद वह सप्तमंडपम में स्थापित महर्षि वाल्मीकि, माता शबरी और निषादराज के मंदिरों में दर्शन करेंगी। इस क्रम को सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के सम्मान के प्रतीक के रूप में एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।
यहां से राष्ट्रपति कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगी, जहां समारोह का संचालन राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय करेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत गोविंद देव गिरि के स्वागत भाषण से होगी, इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे। फिर केरल की धर्मगुरु माता अमृतानंदमयी और दत्तात्रेय होसबोले अपने विचार रखेंगे। अंत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन होगा। वह दोपहर तीन बजे तक मंदिर परिसर में रहेंगी और 3:15 बजे हवाई अड्डे से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगी।



