कोरबा। शहर के हर वर्ग में गुरुवार को हिन्दू नववर्ष का उत्साह रहा। पूरे शहर में भगवा ध्वज लहरा रहे थे, वहीं रंग-बिरंगी आकर्षक लाइट से सजे चौक-चौराहों के साथ सड़कों पर रोशनी बिखरी थी। गुरुवार को निकाली गई शोभायात्रा में देशभर की लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली।
कलाकारों की टीमों ने विविध रूप धारण कर युवाओं का उत्साह बढ़ाया, तो शहर में जगह-जगह लगी आकर्षक व आधुनिक लाइट के बीच डीजे पर गूंज रहे भक्ति गीतों पर शहरवासी थिरकते रहे। युवतियों व महिलाओं के साथ युवाओं की टोली हाथों में ध्वज लिए जय श्रीराम का जय घोष कर रही थी।
शोभायात्रा का आयोजन हिंदू क्रांति सेना, बजरंग दल, विहिप व सर्व हिंदू समाज के नेतृत्व में नगर में दो दिशाओं से किया गया।
पहली शोभायात्रा सीतामढ़ी रामजानकी मंदिर से और दूसरी कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर से शुरू हुई। दोनों ही शोभायात्रा टीपी नगर पर आकर समाप्त हुई। दोपहर 3 बजे निकलने वाली शोभायात्रा शाम 6 बजे के बाद निकलनी शुरू हुई। इसके पहले ही लोगों की भीड़ पूरे शहर में उमड़ रही थी। दोनों ही दिशाओं की शोभायात्रा में प्रदेश समेत, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, बंगाल, ओडिशा समेत 13 राज्यों के लोक कलाकारों की टीम शामिल रही।
शोभायात्रा में शामिल कलाकारों की जीवंत झांकियों का सीतामढ़ी से लेकर कोसाबाड़ी तक स्वागत किया गया। जगह-जगह युवाओं का उत्साह बढ़ाने सेवा स्टॉल लगाए गए थे। कहीं ठंडा पानी, तो कहीं शरबत, कहीं खाने का सामान बांटा जा रहा था। शोभायात्रा के दौरान झांकियों का विशेष प्रदर्शन सुभाष चौक निहारिका, घंटाघर सहित अन्य जगह स्वागत हुआ।





