Home » क्रिकेट » IPL 2026: रोहित ने लगाया अर्धशतकों का ‘पचासा’, कोहली को पछाड़ा; रहाणे ने गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

IPL 2026: रोहित ने लगाया अर्धशतकों का ‘पचासा’, कोहली को पछाड़ा; रहाणे ने गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

मुंबई। मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ आईपीएल 2026 के मुकाबले में ताबड़तोड़ प्रदर्शन किया। उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। वहीं, केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी पूर्व खिलाड़ी गौतम गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

रोहित-रिकेल्टन के बीच रिकॉर्ड साझेदारी
आईपीएल के 19वें संस्करण का दूसरा मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और केकेआर के बीच खेला गया। इस मैच में मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने रेयान रिकेल्टन के साथ पहले विकेट के लिए 72 गेंदों में 148 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की। रोहित और रिकेल्टन के बीच हुई शतकीय साझेदारी मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। दोनों ने पहले विकेट के लिए 148 रन जोड़े। इससे पहले दूसरे विकेट के लिए 2012 में रोहित शर्मा और हर्षल गिब्स के बीच 167 रनों की नाबाद साझेदारी हुई थी। वहीं, दूसरे स्थान पर ड्वेन स्मिथ और सचिन तेंदुलकर हैं, जिनके बीच 2012 में पहले विकेट के लिए 163 रनों की नाबाद साझेदारी हुई थी।

मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी साझेदारी

रन (साझेदारी) बल्लेबाजी जोड़ी विरोधी टीम जगह साल विकेट
167* रोहित शर्मा और हर्षल गिब्स केकेआर कोलकाता 2012 दूसरा विकेट
163* ड्वेन स्मिथ और सचिन तेंदुलकर राजस्थान रॉयल्स जयपुर 2012 पहला विकेट
148 रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन केकेआर वानखेड़े 2026 पहला विकेट
143* सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा सनराइजर्स हैदराबाद वानखेड़े 2024 चौथा विकेट

IPL 2026 MI vs KKR: Rohit Sharma hits 50th Ipl century Makes record of most runs against team Ajinkya Rahane
रोहित शर्मा – फोटो : PTI
अर्धशतकों का ‘अर्धशतक’
इस दौरान हिटमैन ने 38 गेंदों का सामना किया और छह चौके व इतने ही छक्के की मदद से 78 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने 23 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। आईपीएल में उनका यह सबसे तेज अर्धशतक है। रोहित का आईपीएल का यह 50वां अर्धशतक भी है। इससे पहले रोहित साल 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 25 गेंदों पर अर्धशतक लगा चुके हैं।रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। इस लिस्ट में विराट कोहली 72 अर्धशतकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि डेविड वॉर्नर (66) इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। शिखर धवन (53) तीसरे और केएल राहुल (45) पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।

आईपीएल में सर्वाधिक 50+ स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी

बल्लेबाज 50+ स्कोर
विराट कोहली 72
डेविड वॉर्नर 66
शिखर धवन 53
रोहित शर्मा 50
केएल राहुल 45

IPL 2026 MI vs KKR: Rohit Sharma hits 50th Ipl century Makes record of most runs against team Ajinkya Rahane
रोहित शर्मा – फोटो : PTI
किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले शीर्ष बल्लेबाज
इस मुकाबले में दाएं हाथ के बल्लेबाज ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने के मामले में शीर्ष पर पहुंच गए। उनके नाम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ 1161 रन दर्ज हो गए। इस मामले में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के पूर्व कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। उनके नाम पंजाब किंग्स के खिलाफ 1159 दर्ज हैं। वहीं, हिटमैन केकेआर के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। इस मामले में उन्होंने डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ा, जिन्होंने इस टीम के खिलाफ 1093 रन बनाए।

आईपीएल में किसी एक टीम के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाज विपक्षी टीम रन
रोहित शर्मा केकेआर 1161*
विराट कोहली पंजाब किंग्स 1159
विराट कोहली सीएसके 1146
डेविड वॉर्नर पंजाब किंग्स 1134
विराट कोहली दिल्ली कैपिटल्स 1130
डेविड वॉर्नर केकेआर 1093

IPL 2026 MI vs KKR: Rohit Sharma hits 50th Ipl century Makes record of most runs against team Ajinkya Rahane
अजिंक्य रहाणे – फोटो : PTI
रहाणे ने गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा 
इस मैच में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे का बल्ला भी जमकर गरजा। उन्होंने शानदार अर्धशतकीय पारी के साथ पूर्व कप्तान गौतम गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। केकेआर के लिए पारी की शुरुआत करने उतरे रहाणे ने 40 गेंदों पर तीन चौकों और पांच छक्कों की मदद से 67 रनों की विस्फोटक पारी खेली। केकेआर के किसी भी कप्तान की मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह सबसे बड़ी पारी है। इस पारी के आधार पर रहाणे ने गौतम गंभीर का 10 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।गौतम गंभीर ने आईपीएल 2016 में कोलकाता में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 52 गेंदों पर 64 रनों की पारी खेली थी। तीसरी बड़ी पारी गंभीर के नाम ही है। 2016 में ही गंभीर ने एमआई के खिलाफ वानखेड़े में 45 गेंदों पर 59 रन बनाए थे। मुंबई इंडियंस के खिलाफ केकेआर के कप्तान के रूप में चौथी सबसे बड़ी पारी भी गंभीर के नाम ही है। गंभीर ने 2015 में कोलकाता में एमआई के खिलाफ 57 रन बनाए थे।

IPL 2026 MI vs KKR: Rohit Sharma hits 50th Ipl century Makes record of most runs against team Ajinkya Rahane
रोहित-रिकेल्टन-रहाणे – फोटो : PTI
मुंबई ने तोड़ा हार का सिलसिला
रोहित शर्मा (78) और रेयान रिकेल्टन (81) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को छह विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ मुंबई ने 13 साल से चले आ रहे हार के सिलसिले को भी तोड़ दिया। दरअसल, मुंबई ने पिछली बार 2012 में सत्र का ओपनिंग मुकाबला जीता था। इसके बाद से वह लगातार 13 साल तक ओपनिंग मैच नहीं जीत पाई थी। अब टीम ने केकेआर को हराकर इस अनचाहे रिकॉर्ड से पीछा छुड़ा लिया है।रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने अजिंक्य रहाणे (67) और अंगकृष रघुवंशी (51) की अर्धशतकीय पारियों की मदद से 20 ओवर में चार विकेट पर 220 रन बनाए। जवाब में मुंबई ने रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की शतकीय साझेदारी की सहायता से 19.1 ओवर में चार विकेट पर 224 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram