Home » कोरबा » कोरबा: नेशनल हाईवे पर 2 सड़क हादसों में 5 घायल; 3 की हालत गंभीर

कोरबा: नेशनल हाईवे पर 2 सड़क हादसों में 5 घायल; 3 की हालत गंभीर

कोरबा। कोरबा जिले में नेशनल हाईवे पर बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 5 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। पहली घटना में दो बाइक आपस में टकरा गईं, जबकि दूसरी घटना में एक खड़ी ट्रेलर से कोयले से लदी दूसरी ट्रेलर जा भिड़ी।

पहली घटना बुधवार दोपहर बागो थाना क्षेत्र के एनएच-130 पर रेगनिया के पास हुई। यहां शराब के नशे में धुत दो बाइक सवारों की आपस में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में चार लोग घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है।

सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पोड़ी उपरोड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार और शराब का नशा ही हादसे का मुख्य कारण था। बागो थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देर रात नेशनल हाईवे पर भीषण टक्कर

दूसरी घटना बुधवार देर रात लगभग 1 बजे पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर टोल नाका से ठीक पहले हुई। यहां कोयले से लदी एक ट्रेलर सड़क पर खड़ी थी क्योंकि उसका तेल खत्म हो गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही कोयले से लदी दूसरी ट्रेलर ने उसे पीछे से टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद ट्रेलर के उड़े परखच्चे

टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित होकर दूसरी ट्रेलर सड़क के बीचो-बीच डिवाइडर से जा टकराई और उसके परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में एक चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि दूसरा बाल-बाल बच गया। ट्रेलर चालक ने बताया कि यह गाड़ी अज्जू केडिया की है और कुसमुंडा से बिलासपुर कोयला लेकर जा रही थी।

हादसे की वजह और यातायात व्यवस्था प्रभावित

राजगीरों के अनुसार, दुर्घटना का मुख्य कारण खड़ी गाड़ी के पीछे रेडियम युक्त लाइट का न होना था। हादसे के बाद टोल नाका के कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मुख्य नेशनल रोड पर बैरिकेड्स लगाकर और रस्सी से बांधकर मार्ग को अवरुद्ध किया, जिसके बाद दूसरे रास्ते से आवागमन शुरू किया गया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram