तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका, पाकिस्तान की अपील पर ईरान के साथ चल रहे युद्धविराम (सीजफायर) को आगे बढ़ा रहा है। हालांकि उन्होंने यह नहीं कहा कि यह कितने दिन के लिए बढ़ाया गया है।
ट्रम्प ने कहा कि ईरान के अंदर इस समय नेतृत्व और सरकार में एकजुटता नहीं है। ऐसे वक्त में पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और आर्मी चीफ ने उनसे ईरान पर कुछ समय तक हमले रोकने की अपील की, ताकि ईरान को साझा प्रस्ताव तैयार करने का वक्त मिल सके।
ट्रम्प ने कहा कि इस अपील को मानते हुए उन्होंने अमेरिकी सेना को फिलहाल हमला रोकने का आदेश दिया है। हालांकि, सेना को पूरी तरह तैयार रहने को भी कहा गया है और ईरान पर दबाव बनाए रखने के लिए नाकेबंदी (ब्लॉकेड) जारी रहेगी।
उन्होंने साफ किया कि सीजफायर तब तक जारी रहेगा जब तक ईरान अपनी ओर से ठोस और एकजुट प्रस्ताव नहीं दे देता और बातचीत पूरी नहीं हो जाती, चाहे उसका नतीजा कुछ भी निकले।
ईरानी दूत बोले- नाकेबंदी हटने के बाद ही बातचीत
ईरान के संयुक्त राष्ट्र में स्थायी प्रतिनिधि अमीर सईद इरावानी ने कहा है कि जैसे ही अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी खत्म करेगा, उसके बाद अगली दौर की बातचीत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हो सकती है।
उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान के साथ सीजफायर तब तक बढ़ाया जाएगा, जब तक तेहरान संघर्ष खत्म करने के लिए कोई ठोस प्रस्ताव पेश नहीं कर देता। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी जारी रखेगा।
ट्रम्प बोले- होर्मुज खोला तो ईरान से डील मुश्किल
ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर होर्मुज स्ट्रेट खुल जाता है तो ईरान से डील मुश्किल हो जाएगी।
उन्होंने कहा, “ईरान होर्मुज स्ट्रेट को बंद नहीं करना चाहता, बल्कि वह इसे खुला रखना चाहता है ताकि वह रोज लगभग 500 मिलियन डॉलर कमा सके। अगर यह बंद रहता है, तो उसे उतना ही नुकसान होता है।”
उन्होंने आगे कहा, “ईरान सिर्फ इसलिए कह रहा है कि वह स्ट्रेट बंद करना चाहता है, क्योंकि मैंने इसे पूरी तरह ब्लॉक कर दिया है। वे सिर्फ अपनी इज्जत बचाने की कोशिश कर रहे हैं।”
ट्रम्प ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर हम होर्मुज स्ट्रेट खोलते हैं तो ईरान के साथ कोई समझौता नहीं होगा, जब तक कि हम उनके देश के बाकी हिस्सों को तबाह न कर दें।
ट्रम्प के सीजफायर बढ़ाने पर ईरान की चुप्पी
डोनाल्ड ट्रम्प के सीजफायर बढ़ाने के ऐलान पर ईरान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प ने आने वाले दिनों के लिए सीजफायर बढ़ाया है, लेकिन इसकी कोई तय समयसीमा स्पष्ट नहीं की गई है। इसके बावजूद ईरान की ओर से अब तक कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।



