Home » कोरबा » कोरबा: गेस्टहाउस में शराब पार्टी करने वाले 2 अधिकारियों का तबादला; वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई

कोरबा: गेस्टहाउस में शराब पार्टी करने वाले 2 अधिकारियों का तबादला; वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई

कोरबा। कोरबा में सीएसईबी के अति विशिष्ट गेस्ट हाउस में शराब पीते पकड़े जाने के बाद दो अधिकारियों का तत्काल तबादला कर दिया गया है। यह कार्रवाई पिछले सप्ताह सामने आए एक वीडियो के बाद की गई, जिसमें अधिकारी गेस्ट हाउस में शराब का सेवन करते हुए दिखाई दिए थे।

एक अधिकारी को कोरबा से मड़वा स्थानांतरित किया गया है, जबकि दूसरे को मड़वा से कोरबा बुलाया गया है। जानकारी के मुताबिक डीएसपीएम में पदस्थ मुख्य रासायनज्ञ गोवर्धन सिदार को कोरबा से जांजगीर जिले के मड़वा स्थित पावर प्लांट भेजा गया है।

वहीं, मड़वा के मुख्य रासायनिक अधिकारी उत्तम सिंह चंद्रवंशी को कोरबा स्थित मुख्य अभियंता उत्पादन, डीएसपीएम में पदस्थ किया गया है। इन तबादलों के माध्यम से प्रशासन ने सख्त संदेश देने का प्रयास किया है।

गेस्ट हाउस में शराब पीते कैमरे में कैद

बता दें कि पिछले सप्ताह सीएसईबी कोरबा पूर्व के अति विशिष्ट विश्राम गृह में गोवर्धन सिदार अपने कुछ साथियों के साथ शराब पीते हुए कैमरे में कैद हुए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

मंत्री के निर्देश पर तुरंत तबादला

सीएसईबी प्रबंधन ने मंत्री के निर्देशों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी आवास और गेस्ट हाउस में इस तरह का आचरण अनुशासनहीनता माना जाएगा और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कुछ कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी संपत्ति और गेस्ट हाउस का उपयोग केवल आधिकारिक कार्यों के लिए होना चाहिए। वहीं, कुछ अन्य लोगों का मानना है कि यह तबादला केवल एक औपचारिक कार्रवाई है, जबकि ऐसे मामलों में कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram