कोलकाता। बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा।
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद अब सभी की निगाहें राज्य में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे और शपथ ग्रहण की तारीख पर टिक गई हैं। इसी सवाल का जवाब देते हुए राज्य भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बड़ा अपडेट दिया है, उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा।
इसी दिन रवींद्र नाथ टैगोर की 165वीं जयंती है। दरअसल बांग्ला कैलेंडर के मुताबिक यह तिथि 25 वैशाख को होती है। जो आमतौर पर मई के दूसरे हफ्ते में पड़ती है। शपथग्रहण में कौन-कौन आएगा, CM कौन होगा, अभी इनका खुलासा नहीं हुआ है।
आज शाम 4 बजे ममता बनर्जी करेंगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी आज शाम 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगी। एक दिन पहले ममता ने भवानीपुर सीट से हारने के बाद वोट लूटने का आरोप लगाया था।
ममता ने कहा था- निर्वाचन आयोग और भाजपा गड़बड़ी कर रहे हैं। 100 से ज्यादा सीटें लूटी गईं हैं। मेरे एजेंटों को बूथ में घुसने नहीं दिया, मुझे रोका गया। पीटा गया।



