Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: 7वीं के छात्र ने बनाया नींद पहचानने वाला स्मार्ट चश्मा, ड्राइवर को झपकी आते ही बजेगा अलार्म, नहीं जागे तो छूटेगा पानी का फव्वारा

छत्तीसगढ़: 7वीं के छात्र ने बनाया नींद पहचानने वाला स्मार्ट चश्मा, ड्राइवर को झपकी आते ही बजेगा अलार्म, नहीं जागे तो छूटेगा पानी का फव्वारा

राजनांदगांव। खैरागढ़ के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला दबका में कक्षा 7वीं के छात्र डीगेन्द्र सिन्हा ने ऐसा स्मार्ट चश्मा बनाया है, जो वाहन ड्राइवर को नींद की झपकी आते ही अलर्ट कर सकता है।

इस मॉडल को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में पहला और संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान मिला है। अब डीगेन्द्र इसे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पेश करेंगे।

 - Dainik Bhaskar

झपकी आते ही बजने लगेगा अलार्म

डीगेन्द्र ने यह मॉडल दुर्ग के सेजेस जेवराड़ी बहुद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जोन स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी और पश्चिम भारत विज्ञान मेले में पेश किया था। चश्मे में सेंसर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।

ड्राइवर को नींद की झपकी आने पर सेंसर उसे पहचानकर अलर्ट सिस्टम चालू कर देता है। इसके बाद बजर बजने लगता है। अगर बजर बजने के बाद भी ड्राइवर सतर्क नहीं होता, तो चश्मे में लगे सिस्टम से पानी का फव्वारा छोड़ने की व्यवस्था है। इसका उद्देश्य चालक को जगाना और नींद के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करना है।

 - Dainik Bhaskar

शिक्षक के मार्गदर्शन में तैयार किया मॉडल

यह स्मार्ट चश्मा शिक्षक अजय राजपूत के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। शिक्षक के मुताबिक, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में कौशल आधारित शिक्षा और व्यावहारिक ज्ञान पर जोर दिया गया है। इसी सोच के तहत बच्चों को किताबी पढ़ाई के साथ प्रयोग करने और रोजमर्रा की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

 - Dainik Bhaskar

हेलमेट नहीं पहनने पर भी बजेगा बजर

स्कूल के विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा से जुड़ा एक और मॉडल तैयार किया है। इसमें बाइक चालक के हेलमेट नहीं पहनने पर बजर बजने की व्यवस्था की गई है। इन प्रयोगों के जरिए विद्यार्थी विज्ञान और तकनीक को रोजमर्रा की जरूरतों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं।

डीगेन्द्र का यह प्रयास बताता है कि नई सोच और समस्या का समाधान खोजने की ललक कम उम्र में भी बड़े नवाचारों को जन्म दे सकती है। ऐसे मॉडलों को तकनीकी विशेषज्ञता और संसाधनों का सहयोग मिले, तो ये भविष्य में सड़क सुरक्षा के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram