कोरबा। रविवार की सुबह नवा बरपारा कोहड़िया में सड़क किनारे झाड़ियों में खून से लथपथ एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। धारदार हथियार से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है। सूचना पर सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर युवक को घसीटने और खून के निशान मिले हैं। शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा था। सुबह राहगीरों ने लाश देखी तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय बसंत पटेल के रूप में हुई है। वह जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के सोनसरी गांव का रहने वाला था। पिछले तीन साल से कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर में किराये के मकान में रह रहा था। बसंत इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।




