Home » क्रिकेट » ‘बार-बार खुद को साबित नहीं करूंगा’: 2027 विश्वकप पर कोहली की दो टूक

‘बार-बार खुद को साबित नहीं करूंगा’: 2027 विश्वकप पर कोहली की दो टूक

धर्मशाला। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पॉडकास्ट में बातचीत करते हुए विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर और 2027 वनडे विश्व कप को लेकर खुलकर बात की। विराट ने कहा, ‘मेरा नजरिया बिल्कुल साफ है। अगर मैं जिस माहौल का हिस्सा हूं उसमें वैल्यू जोड़ सकता हूं और उस माहौल को भी लगता है कि मैं योगदान दे सकता हूं, तो मैं खेलता रहूंगा। लेकिन अगर मुझे ऐसा महसूस कराया जाए कि मुझे अपनी कीमत और अहमियत साबित करनी है, तो मैं उस जगह पर नहीं रहना चाहता।’ उन्होंने आगे कहा, ‘मैं अपनी तैयारी के साथ पूरी तरह ईमानदार हूं। मैं जिस तरह खेल को अपनाता हूं, उसमें पूरी मेहनत करता हूं। भगवान ने मुझे मेरे क्रिकेट करियर में बहुत कुछ दिया है और इसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा।’

Virat Kohli Opens Up On 2027 ODI World Cup, Says “I Don’t Need To Prove My Worth” IPL 2026
विराट कोहली – फोटो : ANI
क्या है पूरा मामला?
विराट का यह बयान उन चर्चाओं को तूल दे रहा है, जिसमें कहा जा रहा था कि टीम इंडिया में सबकुछ ठीक नहीं है। पिछले साल रोहित शर्मा और उसके बाद विराट कोहली ने अचानक टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी। दोनों अब सिर्फ वनडे खेलते हैं और कई बार यह बात सामने आई कि दोनों का 2027 के वनडे विश्वकप में हिस्सा लेना भी तय नहीं है। ऐसा कहा गया था कि दोनों ने बीसीसीआई से ये कहा है कि वह खेलने को लेकर कमिटेड नहीं हैं। फिर कोच गौतम गंभीर, विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच सबकुछ ठीन नहीं होने की रिपोर्ट्स भी आई थीं। हालांकि, तीनों ने कभी खुलकर इस पर कुछ नहीं बोला, लेकिन इस विवाद ने काफी तूल पकड़ी थी। रोहित को 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के बाद अचानक कप्तानी से हटा दिया गया था।
Virat Kohli Opens Up On 2027 ODI World Cup, Says “I Don’t Need To Prove My Worth” IPL 2026
गंभीर-अगरकर और कोहली – फोटो : ANI
’40 ओवर तक दौड़ना पड़े तो भी तैयार हूं’
विराट ने कहा कि वह टीम के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर आप चाहते हैं कि मैं वनडे मैच में 40 ओवर तक बाउंड्री से बाउंड्री तक दौड़ूं, तो मैं बिना शिकायत ऐसा करूंगा। क्योंकि मैं उसी हिसाब से तैयारी करता हूं। मैं हर गेंद को अपने करियर की आखिरी गेंद मानकर खेलता हूं। मैं उसी तरह बल्लेबाजी करता हूं, विकेटों के बीच दौड़ता हूं और टीम के लिए हर संभव कोशिश करता हूं।’ कोहली ने साफ कहा कि इतनी मेहनत और समर्पण के बाद अगर उन्हें खुद को साबित करना पड़े, तो वह माहौल उनके लिए नहीं है।
विजय हजारे ट्रॉफी ने बदल दी सोच
विराट ने दिल्ली के लिए विजय हजारे ट्रॉफी खेलने के अनुभव को भी याद किया। लगभग दो दशक बाद घरेलू वनडे टूर्नामेंट खेलने उतरे विराट ने शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा, ‘मैं वहां सिर्फ इसलिए खेलना चाहता था क्योंकि मुझे क्रिकेट से प्यार है। मुझे बल्लेबाजी करना पसंद है। उस समय मेरे दिमाग में किसी को कुछ साबित करने की बात नहीं थी। मैं फिर से बच्चे जैसा महसूस कर रहा था।’ विराट ने कहा कि जैसे ही उन्होंने सिर्फ खेल का आनंद लेना शुरू किया, उनके अंदर का दबाव खत्म हो गया।

Virat Kohli Opens Up On 2027 ODI World Cup, Says “I Don’t Need To Prove My Worth” IPL 2026
विराट कोहली – फोटो : ANI
‘या तो साफ कहो कि जरूरत नहीं, वरना चुप रहो’
कोहली ने टीम में जगह और लगातार उठते सवालों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा, ‘या तो पहले दिन ही साफ कह दो कि मैं अच्छा नहीं हूं या मेरी जरूरत नहीं है। लेकिन अगर आपने कहा है कि मैं टीम के लिए जरूरी हूं, तो फिर बार-बार सवाल मत उठाइए।’ उन्होंने इसकी तुलना आम नौकरी से करते हुए कहा कि एक दिन किसी पर भरोसा जताना और अगले ही दिन उसकी क्षमता पर सवाल उठाना सही नहीं है।

Virat Kohli Opens Up On 2027 ODI World Cup, Says “I Don’t Need To Prove My Worth” IPL 2026
विराट कोहली – फोटो : IANS
आंकड़े बताते हैं विराट अब भी क्यों खास हैं
वनडे क्रिकेट में विराट कोहली के आंकड़े आज भी उन्हें दुनिया के महान बल्लेबाजों में शामिल करते हैं। उन्होंने 311 वनडे मैचों में 14,797 रन बनाए हैं। उनके नाम 54 शतक और 77 अर्धशतक दर्ज हैं। पिछले साल भी सीमित वनडे मुकाबले खेलने के बावजूद वह भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 13 पारियों में 651 रन बनाए। वहीं इस साल खेले गए तीन वनडे मैचों में उन्होंने 240 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

Virat Kohli Opens Up On 2027 ODI World Cup, Says “I Don’t Need To Prove My Worth” IPL 2026
विराट कोहली – फोटो : IANS
अफगानिस्तान सीरीज में दिखेंगे विराट
आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद विराट कोहली जून से शुरू होने वाली अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं। यही सीरीज 2027 विश्व कप की तैयारियों की दिशा में भी अहम मानी जा रही है। हालांकि विराट ने साफ कर दिया है कि उनके लिए सिर्फ नाम या रिकॉर्ड मायने नहीं रखते, बल्कि सम्मान और भरोसा सबसे ज्यादा जरूरी है।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram