कोरबा। सोमवार की सुबह सर्वमंगला चौक पर एक हृदयविदारक सड़क हादसे में जानकारी के मुताबिक पंचायत सचिव मधुलता रात्रे की असामयिक मृत्यु हो गई। कुसमुंडा मार्ग से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रेलर (CG 12 AY 5608) ने मोड़ पर स्कूटी सवार मधुलता को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटनास्थल पर मौजूद राहगीरों और सर्वमंगला चौकी पुलिस की तत्परता से उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका बुधवारी (कोरबा) की निवासी थीं और बलौदा पंचायत में सचिव के पद पर पदस्थ थीं। हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित ट्रेलर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर सर्वमंगला चौक पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार और यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिस की अनुपस्थिति में भारी वाहन चालक तेज गति से गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे राहगीरों की जान हर समय खतरे में बनी रहती है।





