Home » राष्ट्रीय » सीबीएसई ने 12वीं की स्कैन कॉपी लेने की तारीख बढ़ाई, अब 23 मई तक मौका, तकनीकी दिक्कतों के बाद लिया फैसला

सीबीएसई ने 12वीं की स्कैन कॉपी लेने की तारीख बढ़ाई, अब 23 मई तक मौका, तकनीकी दिक्कतों के बाद लिया फैसला

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12 बोर्ड परीक्षा की मूल्यांकित उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने की अंतिम तारीख एक दिन बढ़ा दी है। बोर्ड ने यह फैसला वेबसाइट पर आई तकनीकी समस्याओं को देखते हुए लिया है। अब छात्र 23 मई तक आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले अंतिम तारीख 22 मई तय की गई थी।

सीबीएसई ने मंगलवार को जारी आधिकारिक सर्कुलर में कहा कि पोस्ट-वेरिफिकेशन सुविधाओं से जुड़ी वेबसाइट पर तकनीकी दिक्कतें सामने आई थीं। ऐसे में छात्रों को पर्याप्त समय देने के उद्देश्य से आवेदन की समयसीमा बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

बोर्ड ने छात्रों और अभिभावकों से कहा है कि वे बढ़ाई गई समयसीमा का उपयोग करते हुए आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। हालांकि बाकी सभी नियम और शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी। 

छात्रों ने सोशल मीडिया पर उठाई थी शिकायतें

दरअसल, आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर शिकायत की थी कि वेबसाइट पर लॉगिन करने, फीस जमा करने और आवेदन लिंक खुलने में परेशानी आ रही है। कुछ छात्रों ने यह भी कहा कि भुगतान के बाद आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा था।

सीबीएसई ने 19 मई से 22 मई तक स्कैन कॉपी प्राप्त करने की सुविधा शुरू की थी। यह प्रक्रिया बोर्ड द्वारा उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन और सत्यापन प्रक्रिया शुरू करने के बाद शुरू की गई थी।

26 से 29 मई के बीच मिलेंगी स्कैन कॉपियां

जो छात्र स्कैन कॉपी के लिए आवेदन करेंगे, वे 26 मई से 29 मई के बीच अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी देख सकेंगे।

फीस में भी किया गया बड़ा बदलाव

इस साल सीबीएसई ने फीस में भी बड़ी कटौती की है। पहले स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए छात्रों को 700 रुपये देने पड़ते थे, जबकि अब यह शुल्क घटाकर 100 रुपये कर दिया गया है।

इसके अलावा उत्तर पुस्तिका सत्यापन की फीस 500 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दी गई है। वहीं, पुनर्मूल्यांकन के लिए छात्रों को प्रति प्रश्न 25 रुपये शुल्क देना होगा।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram