पटना। बीपीएससी TRE 4 से पीटी-मेंस, निगेटिव मार्किंग हटाने और शत-प्रतिशत डोमिसाइल को लेकर छात्रों ने आंदोलन शुरू कर दिया है।
गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से बढ़े छात्रों को रोकने के लिए डाकबंगला चौराहे पर वाटर कैनन चलाया गया है। पुलिस ने लाठियां भी चटकाई हैं। कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।
सीएम आवास पर प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गांधी मैदान के जेपी गोलंबर पर उन्हें रोकने के लिए की गई बैरिकेडिंग को छात्रों ने तोड़ दिया है।
डाकबंगला चौराहे पर चलाया गया वाटर कैनन
बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी डाकबंगला चौराहा पहुंच गए। वहां भी घेराबंदी तोड़ दी। हालांकि मेट्रो के लोहे की शील्ड के कारण छात्र वहां से आगे नहीं बढ़ पा रहे। पुलिस के समझाने का भी उनपर असर नहीं हो रहा।
इस बीच कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आईजी जितेंद्र राणा और एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के नेतृत्व में पुलिस डाकबंगला चौराहे पर एक्शन मोड में है।

सीआरपीएफ को उतारा गया शहर में
हालांकि जेपी गोलंबर के पास भी काफी प्रदर्शनकारियों काे रोका गया है। पुलिस से उनकी धक्का-मुक्की चल रही है। वे डाकबंगला चौराहा की ओर बढ़ने के प्रयास में हैं।
इससे पहले बैरिकेडिंग के एक हिस्से को तोड़कर कुछ छात्र डाकबंगला चौराहे की ओर बढ़ गए। प्रदर्शनकारी छात्रों को रोकने के लिए सीआरपीएफ को भी उतारा गया है।
ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन (ABSU) के अमन गुट की ओर आहूत आंदोलन में छात्र-छात्राओं को हुजूम अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए बढ़ रहा है।





‘हाथी चले बाजार..कुत्ते भौंके हजार’, बयान पर BPSC ने माफी मांगी
सोमवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजेश कुमार सिंह से गर्दनीबाग में छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कहा था कि “एक कहावत आपने सुना होगा, हाथी चले बाजार तो कुत्ते भौंके हजार।”
उनके इस बयान के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्र भड़क गए। एक बार कॉकरोच बोला गया था, तो प्रधान जी चले गए। अब सचिव की नौकरी जाएगी। विवाद बढ़ने के बाद BPSC एग्जाम कंट्रोलर ने वीडियो जारी कर माफी मांग ली है।
वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने BPSC के एग्जाम कंट्रोलर राजेश कुमार सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।




