जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में चल रहे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा उत्सव में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन राष्ट्रपति जगदलपुर पहुंचकर मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इसके बाद वे बस्तर दशहरा की प्रमुख परंपराओं में शामिल मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी और लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी।
मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 11:15 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वे सीधे मां दंतेश्वरी मंदिर के लिए रवाना होंगी, जहां पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर बस्तर में उत्साह का माहौल है।
मुरिया दरबार में निभाएंगी परंपरा
बस्तर दशहरा की खास पहचान माने जाने वाले मुरिया दरबार में राष्ट्रपति की सहभागिता इस दौरे का प्रमुख आकर्षण रहेगी। सुबह 11:37 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में वे शामिल होंगी। इस पारंपरिक आयोजन में बस्तर की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलती है।
लालबाग मैदान में आमसभा को करेंगी संबोधित
मुरिया दरबार के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लालबाग मैदान पहुंचेंगी, जहां वे आमसभा को संबोधित करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक दोपहर 1:45 बजे तक वे मंचीय आयोजन में मौजूद रहेंगी। इसके बाद बस्तर दशहरा समिति के प्रमुख मांझी-चालकी के साथ दोपहर भोज में शामिल होंगी। भोजन के बाद राष्ट्रपति एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। राष्ट्रपति के इस दौरे को बस्तर की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक उत्सव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




