Home » राष्ट्रीय » एअर इंडिया के विमान का पिछला हिस्सा लैंडिग के वक्त रनवे से टकराया, चालक दल और यात्री सुरक्षित

एअर इंडिया के विमान का पिछला हिस्सा लैंडिग के वक्त रनवे से टकराया, चालक दल और यात्री सुरक्षित

नई दिल्ली। बंगलूरू हवाई अड्डे पर उतरते समय आज एअर इंडिया के एक विमान में टेलस्ट्राइक की घटना हुई। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से आ रहा विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और चालक दल और यात्री सामान्य रूप से विमान से उतर गए। दरअसल, टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान जब विमान का पिछला हिस्सा रनवे के संपर्क में आता है, तब टेलस्ट्राइक की घटना होती है। टेलस्ट्राइक के बाद सभी विमानों की संरचनात्मक समस्याओं के लिए जांच की जाती है। इस विमाने में कुल 181 यात्री सवार थे।

वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही- एयरलाइन
अधिकारियों ने बताया कि टेलस्ट्राइक की घटना के बाद एअर इंडिया की फ्लाइट AI2651, जो एक नैरो-बॉडी एयरबस A321 है,  उसको निरीक्षण के लिए रोक दिया गया है। इस वजह से दिल्ली लौटने वाली इसकी फ्लाइट रद्द कर दी गई है। टाटा के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द समायोजित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। एयरलाइन ने कहा, ‘बंगलूरू में हमारी ग्राउंड टीमें सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं।’ आगे कहा कि घटना की जांच स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार और नियामक अधिकारियों के समन्वय से की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा ने  ‘असुविधा के लिए एअर इंडिया खेद व्यक्त करती है। हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’ सूत्रों के अनुसार, एअर इंडिया की फ्लाइट के लैंडिंग के अंतिम चरण में पहुंचने के ठीक पहले ही एक बोइंग 747 ने उड़ान भरी थी। सूत्रों ने बताया कि 747 के इंजनों के कारण हवा में अशांति पैदा हुई और एअर इंडिया के पायलट को शायद यह एहसास हो गया कि लैंडिंग में समस्या आ सकती है, इसलिए उन्होंने मानक प्रक्रिया के अनुसार गो-अराउंड करने का फैसला किया।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram