Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: कार की टक्कर से महिला की मौत,बेटे और दो बच्चियों समेत बाइक नहर में गिरी; ग्रामीणों ने कार घेरकर किया हंगामा

छत्तीसगढ़: कार की टक्कर से महिला की मौत,बेटे और दो बच्चियों समेत बाइक नहर में गिरी; ग्रामीणों ने कार घेरकर किया हंगामा

बालोद। बालोद जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सिवनी में शनिवार शाम करीब 7:30 बजे कार की टक्कर से बाइक सवार 50 साल की भगवती साहू की मौत हो गई। हादसे में दो बच्चियों समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क किनारे नहर में जा गिरे। ग्रामीणों ने नहर में उतरकर सभी को बाहर निकाला। घायलों को जिला अस्पताल बालोद में भर्ती कराया गया है।”

जानकारी के मुताबिक, अंगारी के रहने वाले भोज कुमार साहू (28) अपनी मां भगवती साहू और दो बच्चियों कनिका, काव्या को बाइक पर बैठाकर बालोद से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान झलमला से बालोद की ओर जा रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चारों बाइक समेत नहर में जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने चक्काजाम किया, अधिकारियों के आश्वासन पर यातायात बहाल

उन्होंने नहर में उतरकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक भगवती साहू की मौत हो चुकी थी। हादसे में घायल तीनों लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार को घेर लिया और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलने पर एसडीओपी विनय साहू और थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और यातायात बहाल किया गया। सिवनी के पूर्व सरपंच दानेश्वर सिन्हा ने बताया कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही क्षेत्र में अंधेरा छा जाता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने नेशनल हाईवे के दोनों ओर तत्काल प्रकाश व्यवस्था करने की मांग की।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram