‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट, पार्टी पेज और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स हैक या बंद कर दिए गए हैं.
नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने शनिवार को दावा किया कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट और पार्टी का आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज हैक कर लिया गया है. यह दावा ऐसे समय सामने आया है जब उनका व्यंग्यात्मक डिजिटल अभियान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो चुका है और उसे लाखों लोगों का समर्थन मिल रहा था. अभिजीत दिपके ने आरोप लगाया कि उनके ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है और उनसे जुड़े कई सोशल मीडिया अकाउंट प्रभावित हुए हैं.
वहीं, पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें वॉट्सएप पर जान से मारने की धमकियां मिली हैं। उन्होंने स्क्रीन शॉट भी शेयर किए हैं।
इंस्टाग्राम पर CJP के फॉलोअर्स अब 2 करोड़ 19 लाख हो गए हैं। पार्टी के X पर भी फॉलोअर्स की संख्या 1 लाख 98 हजार से अधिक हो गई है।
दीपके कल पहली ऑनलाइन पिटीशन लेकर आए थे। इसमें उन्होंने NEET पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा मांगा था। इधर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रहने वाले अभिजीत के माता-पिता बेटे की बढ़ती लोकप्रियता से चिंतित हैं। अभिजीत के पिता ने कहा- आज का माहौल देखकर डर लगना स्वाभाविक है।
वीडियो पोस्ट में दीपके ने कहा- हम एक पिटीशन शुरू करने जा रहे हैं। जिसमें शिक्षामंत्री के इस्तीफे की मांग की है। आप सब लोग ज्यादा से ज्यादा इस पिटीशन पर साइन कीजिए, ताकि सिस्टम की गलती पर सवाल उठ सके। शुक्रवार रात 10 बजे तक ऑनलाइन पिटीशन में 4 लाख 86 हजार से ज्यादा लोग साइन कर चुके हैं।
सीजेपी ट्रेडमार्क के लिए 3 आवेदन
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम के अधिकार पाने के लिए तीन अलग-अलग ट्रेडमार्क आवेदन दाखिल हुए हैं। ट्रेडमार्क रजिस्ट्री पोर्टल पर दाखिल आवेदनों में राजनीतिक और सामाजिक सेवाएं देने वाली श्रेणी के तहत ट्रेडमार्क रजिस्ट्रेशन मांगा गया है। ये आवेदन अजीम आदमभाई जम, अखंड स्वरूप और ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम की एक प्रोपराइटरशिप फर्म की ओर से दाखिल किए गए हैं।
पेरेंट्स नहीं चाहते बेटा राजनीति में जाए, पढ़िए उनका बयान
अभिजीत के पिता भगवान और मां अनीता दीपके ने 21 मई को एक मराठी न्यूज चैनल को इंटरव्यू दिया था। उनका कहना था- हम अपने बेटे को राजनीति में नहीं भेजना चाहते थे। अभिजीत के इस कदम के बारे में सुनकर हमारी रातों की नींद उड़ गई है।
अभिजीत के पिता ने कहा कि आज का माहौल देखकर डर लगना स्वाभाविक है। चाहे उसके कितने भी फॉलोअर्स क्यों न हों। उसने खुद भी भारत लौटने पर गिफ्तार होने का डर जाहिर किया है। वह मशहूर हो गया है, और ऐसे लोगों को अक्सर गिरफ्तार कर लिया जाता है। पिछली दो रातों से मैं इसी चिंता में सो नहीं पाया हूं कि उसके साथ क्या हो सकता है।
अभिजीत की मां ने कहा कि हमें कॉकरोच पार्टी के बारे में अपने एक पड़ोसी से पता चला था। मैं चाहती हूं बेटा राजनीति से दूर रहे। वह AAP के साथ काम कर चुका था। उस समय भी मैंने उससे कहा था कि हमारा राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है और उसे कोई नौकरी कर लेनी चाहिए।
CJP के 96% फालोअर्स इंडियन
CJP पर आरोप लग रहा है कि इंस्टाग्राम पर उसके ज्यादातर फॉलोअर्स पाकिस्तान, बांग्लादेश और अमेरिका जैसे देशों के हैं। भारत के सिर्फ 9% फॉलोअर्स हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। 96% फॉलोअर्स भारतीय हैं।






