कोरबा। कोरबा जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन व परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
जांच के दौरान खनिज रेत, गिट्टी और मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर कुल 3 जेसीबी मशीनें और 16 ट्रैक्टर जप्त किए गए। विभाग की उड़नदस्ता टीम ने डौका गुड़ा से 1 ट्रैक्टर, विजयपुर से 2 ट्रैक्टर, सुतर्रा से 1 ट्रैक्टर और आमाखोखरा से ईंट से भरा 1 ट्रैक्टर जब्त किया। वहीं ग्राम बिंझरा में मिट्टी का अवैध उत्खनन कर रही 2 जेसीबी मशीनों को मौके पर ही पकड़ा गया। इसके अलावा पौड़ी क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई हुई। डुमरकछार में मिट्टी के अवैध उत्खनन में लगी 2 ट्रैक्टर व 1 जेसीबी को भी टीम ने जप्त कर लिया। सभी जब्त वाहनों को नियमानुसार आगे की प्रक्रिया के लिए जिले के विभिन्न पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।
विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। खनिज संपदा राज्य की धरोहर है और इसका अवैध दोहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों और वाहन मालिकों पर कड़ी व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। खनिज विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना तत्काल विभाग या नजदीकी थाने को दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा। जिले में खनिज संसाधनों का संरक्षण और उनका सुव्यवस्थित उपयोग सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।




