श्रीनगर। गुलमर्ग गोंडोला में तकनीकी खराबी के कारण फंसे सभी पर्यटकों को सोमवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और एनडीआरएफ की संयुक्त बचाव मुहिम के बाद सुरक्षित निकाल लिया गया।
जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात ने बताया कि यह खराबी दोपहर करीब 1:20 बजे आई, जिससे केबल कार के केबिन पर्यटकों के साथ हवा में ही लटक गए।
डीजीपी ने बचाव अभियान के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सबसे पहले एसएचओ गुलमर्ग अपनी स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उसके बाद, हमने एसडीआरएफ की 14 टीमें भेजीं। बाद में, एक और टीम को इसमें जोड़ा गया, जिससे एसडीआरएफ टीमों की कुल संख्या 15 हो गई।
उन्होंने बताया कि आठ माउंटेन रेस्क्यू टीमें और नौ ‘स्नो लेपर्ड’ यूनिट भी तैनात की गई थीं। प्रभात ने आगे कहा कि एसडीआरएफ, भारतीय सेना और एनडीआरएफ के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर पुलिस के बड़ी संख्या में जवानों ने इस बचाव अभियान में हिस्सा लिया।




