Home » अपराध » GPM: सर्राफा व्यापारी की बीच बाजार गोली मारकर हत्या, साप्ताहिक बाजार में 3 बदमाशों ने लूटपाट की, विरोध करने पर की फायरिंग

GPM: सर्राफा व्यापारी की बीच बाजार गोली मारकर हत्या, साप्ताहिक बाजार में 3 बदमाशों ने लूटपाट की, विरोध करने पर की फायरिंग

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले में कोटमी साप्ताहिक बाजार में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी है। आरोपी प्रदीप सोनी की दुकान में लूट करने घुसे, उन्होंने विरोध किया तो गोली मार दी। मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र की है।

बताया जा रहा है कि, व्यापारी का सोना-चांदी लूटकर बदमाश फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस घेराबंदी कर रही है। एसपी अविनाश मिश्रा घटना स्थल पर पहुंचे हुए हैं। बिलासपुर आईजी रामगोपाल गर्ग पेंड्रा के लिए रवाना हो गए हैं। हत्या के बाद परिजनों ने नाराजगी है। परिजनों ने आरोपियों को ढूंढने पर 10 लाख की घोषणा की है।

जानिए क्या है पूरा मामला

चश्मदीदों के अनुसार, मंगलवार रात करीब 7 बजे 3 आरोपी एक पल्सर पर सवार होकर आए थे। बदमाशों ने प्रदीप सोनी को बेहद करीब से गोली मारी है। सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।

गंभीर रूप से घायल प्रदीप सोनी को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया है। मौके से खून के धब्बे और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने इलाके की नाकाबंदी कर दी है और फरार पल्सर सवारों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।

बदमाशों ने सीने पर मारी गोली

जिला अस्पताल के डॉक्टर प्रशांत रात्रे ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही व्यापारी की मौत हो गई थी। दाहिने तरफ सीने में गोली लगी है। अभी बॉडी से एक ही गोली मिली है। पीएम के बाद पता चलेगा की कितनी गोली मारी गई है।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

स्थानीय निवासी पंकज तिवारी ने बताया कि, लूट की नीयत से सरेआम व्यापारी प्रदीप सोनी को गोली मारी गई है। यह सीधे तौर पर कानून व्यवस्था की लापरवाही है। जब नागरिक और व्यापारी सुरक्षित नहीं है तो इस प्रदेश का हाल कैसा चल रहा होगा आप समझ सकते हैं।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram