तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी। ईरान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को अमेरिका पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया। ईरानी फॉरेन मिनिस्ट्री का कहना है कि अमेरिका तनाव कम करने के बजाय अपनी सैन्य कार्रवाई से पूरे क्षेत्र की सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि अमेरिका ने सीरिक क्षेत्र और केश्म द्वीप पर ईरान के तटीय रडार और निगरानी केंद्रों पर हमला किया, जो सीजफायर का साफ उल्लंघन है।
ईरान ने कहा कि इन हमलों के बाद जो भी हालात पैदा होंगे और उसके जो भी नतीजे होंगे, उनकी पूरी जिम्मेदारी अमेरिका की होगी।
ईरान की फ्रीज संपत्तियों से खाड़ी देशों को मदद दे सकता है अमेरिका
अमेरिका ईरान की फ्रीज की गई संपत्तियों का इस्तेमाल कुवैत, बहरीन और अन्य खाड़ी देशों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए कर सकता है। ट्रम्प प्रशासन इस प्रस्ताव पर विचार कर रहा है।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ईरान की जब्त संपत्तियों को खाड़ी देशों के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों में लगाने की योजना बना रहा है। ह फंड भविष्य में होने वाले संभावित हमलों के नुकसान के साथ-साथ पहले हुए नुकसान की भरपाई में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसके लिए अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट की टीम खाड़ी देशों से नुकसान का आकलन और लागत का ब्यौरा मांगेगी।
अमेरिका बोला- होर्मुज में 2 ईरानी ड्रोन मार गिराए
अमेरिका ने दावा किया है कि उसकी सेना ने होर्मुज स्ट्रेट में 2 ईरानी हमलावर ड्रोन मार गिराए हैं। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक ये ड्रोन अंतरराष्ट्रीय समुद्री यातायात के लिए खतरा बन रहे थे।
CENTCOM ने बयान जारी कर कहा कि अमेरिकी बलों ने दो ‘वन-वे अटैक ड्रोन’ को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया। अमेरिकी सेना के अनुसार, ये ड्रोन होर्मुज से गुजर रहे अंतरराष्ट्रीय जहाजों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर रहे थे।
हालांकि अमेरिकी सेना ने यह नहीं बताया कि ड्रोन कहां से उड़ाए गए थे और उन्हें किस हथियार प्रणाली से मार गिराया गया। CENTCOM ने कहा कि क्षेत्र में तैनात अमेरिकी बल ईरान की किसी भी आक्रामक कार्रवाई का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
यमन ने कुवैत-बहरीन पर ईरानी हमलों की निंदा की
यमन ने कुवैत और बहरीन पर हुए ईरानी हमलों की कड़ी निंदा की है। यमन के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये हमले क्षेत्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा हैं।
यमन के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि वह ईरान के हालिया हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करता है। मंत्रालय ने आरोप लगाया कि ये घटनाएं ईरानी शासन की आक्रामक और आतंकवादी प्रकृति को फिर उजागर करती हैं।
यमन ने कहा कि ऐसे हमले पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ाने वाले हैं और अंतरराष्ट्रीय शांति व स्थिरता को कमजोर करते हैं।
पिछले 24 घंटे के 5 बड़े अपडेट्स…
1. लेबनान में मौतों का आंकड़ा 3,593 पहुंचा: 2 मार्च से जारी इजराइली हमलों में अब तक 3,593 लोगों की मौत और 10,990 लोग घायल हुए हैं। पिछले 24 घंटे में 35 लोगों की जान गई और 120 घायल हुए।
2. दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले तेज, 10 लोगों की मौत: शनिवार को इजराइली हमलों में लेबनानी सेना के एक ब्रिगेडियर जनरल समेत 10 लोगों की मौत हुई। हमलों के बाद कई इलाकों में लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए गए।
3. अमेरिका ने 4 ईरानी ड्रोन मार गिराने का दावा किया: अमेरिका ने होर्मुज की ओर बढ़ रहे 4 ईरानी ड्रोन मार गिराने और केश्म आइलैंड की रडार साइट्स पर हमला करने का दावा किया। जवाब में ईरान ने कुवैत और बहरीन की ओर 7 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिन्हें इंटरसेप्ट करने का दावा किया गया।
4. ईरान बोला- सीजफायर अमेरिका ने तोड़ा: तेहरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने सीरिक और केश्म द्वीप पर तटीय रडार ठिकानों पर हमला कर युद्धविराम का उल्लंघन किया। ईरान ने कहा कि इसके बाद पैदा होने वाले हालात की जिम्मेदारी अमेरिका की होगी।
5. ईरान-अमेरिका डील 24 अरब डॉलर पर अटकी: CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, संभावित शांति समझौता ईरान की 24 अरब डॉलर (करीब ₹2.29 लाख करोड़) की फ्रीज संपत्ति जारी होने पर टिका है। ईरान चाहता है कि समझौते के साथ ही 12 अरब डॉलर जारी किए जाएं, जबकि अमेरिका इस पर अभी सहमत नहीं है।




