कोरबा। देश की प्रमुख ऊर्जा कंपनी जेएसडब्ल्यू एनर्जी ने कोरबा जिले के पाली विकासखंड स्थित मारुति क्लीन कोल एंड पावर लिमिटेड (एमसीसीपीएल) को खरीदने का निर्णय लिया है। कंपनी ने 1,410 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर कोलाहाई इन्फोटेक प्राइवेट लिमिटेड और एसएफआइ पार्सल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ 100 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी खरीदने का समझौता किया है। अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एमसीसीपीएल, जेएसडब्ल्यू एनर्जी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी बन जाएगी।
बांधाखार में स्थित 300 मेगावाट क्षमता वाला यह ताप विद्युत संयंत्र जुलाई 2015 से बिजली उत्पादन कर रहा है। उद्योग जगत में इस सौदे को केवल स्वामित्व परिवर्तन के रूप में नहीं, बल्कि कोरबा के औद्योगिक परिदृश्य में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि सभी नियामकीय स्वीकृतियां मिलने के बाद 31 जुलाई 2026 तक अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम की भूमि हस्तांतरण अनुमति और ऋणदाताओं की मंजूरी मिलना अभी शेष है।
मारुति क्लीन कोल एंड पावर का संबंध एसीबी समूह से रहा है, जिसकी कोरबा जिले में कोल वाशरी और ऊर्जा परियोजनाओं में लंबे समय से सक्रिय भागीदारी रही है। कभी कोयला परिवहन और वाशरी कारोबार में प्रभावी माने जाने वाले इस समूह ने बदलती प्रतिस्पर्धी परिस्थितियों के बीच यह सौदा किया है, जिसे औद्योगिक हलकों में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।




