Home » छत्तीसगढ़ » छत्तीसगढ़: रेत तस्करी के विवाद में भाजपा नेता को जिंदा जलाकर मार-डाला, भाई की भी मौत; घर के सामने हुई वारदात

छत्तीसगढ़: रेत तस्करी के विवाद में भाजपा नेता को जिंदा जलाकर मार-डाला, भाई की भी मौत; घर के सामने हुई वारदात

कोरिया। जिले में रेत तस्करी के विवाद में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष को जिंदा जलाकर मार दिया गया। आरोप है कि रेत कारोबार से जुड़े लोगों ने उनके घर के सामने उनकी फॉर्च्यूनर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे उनके भाई की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना सोनहत थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार सोनहत के नौगई गांव में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगई रेत घाट का ठेका लिया था। रेत के अवैध खनन और तस्करी को लेकर उनका भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था।

देर रात करीब 12 बजे मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने भरत सिंह के घर को घेर लिया। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार के सामने डंपर लगाकर उसका रास्ता रोक दिया और कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

कार में भरत सिंह, उनका भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह समेत एक अन्य व्यक्ति सवार थे। आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में सवार लोगों को बाहर निकलने और जान बचाकर भागने का मौका नहीं दिया, जिससे वे आग की चपेट में आ गए।

कार सवार भरत सिंह बुरी तरह रूप से झुलस गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके भाई नागेंद्र सिंह, वीरू सिंह और एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

एम्बुलेंस से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया। इलाज के दौरान शिक्षक नागेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। वहीं वीरू सिंह और एक अन्य गंभीर घायल को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

देर रात घटनास्थल पहुंचे IG

मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही कोरिया पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। पुलिस और प्रशासन के सीनियर अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है।

भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में गिने जाते थे और सोनहत क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी। वे पहले रामचंद्र सिंहदेव के करीबी रहे थे, लेकिन बाद में मतभेद होने पर भाजपा में शामिल हो गए थे।

हालांकि, इस मामले पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram