कोलकाता। भारतीय विमानन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को आंधी-तूफान के दौरान कोलकाता हवाई अड्डे पर खड़े इंडिगो के एक विमान पर बिजली गिर गई। यह घटना जब आंधी-तूफान और बारिश की स्थिति के बीच हुई, जिसके लिए हवाई अड्डा संचालन नियंत्रण केंद्र (एओसीसी) ने मौसम संबंधी चेतावनी जारी की थी।
सुरक्षित उतरे यात्री
उन्होंने आगे बताया कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) का विमान एयरोब्रिज 56L पर खड़ा था, तभी बिजली गिरी। अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर एयरलाइन ने यात्रियों को विमान से उतार दिया, जो बाद में दूसरे विमान (वीटी-आईसीडी) से रवाना हो गए।
दो ग्राउंड स्टाफ को मामूली चोट लगी
इंडिगो के अनुसार, दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि बाद में उनकी हालत सामान्य हो गई। कोलकाता और आसपास के जिलों में शुक्रवार सुबह से ही आंधी-तूफान और बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है और यातायात बाधित हो गया है।




