अयोध्या। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की स्थापना से अब तक की आय-व्यय, दानराशि, बैंक खातों, भूमि खरीद-बिक्री और अन्य संपत्तियों का पूरा विवरण सार्वजनिक किए जाने की मांग को लेकर दर्ज शिकायत पर जिला प्रशासन ने जवाब दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में मामले की जांच एसआईटी की ओर से की जा रही है, इसलिए इस स्तर पर ट्रस्ट से कोई सूचना उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग
इसको लेकर एक पत्र भी वायरल हो रहा है। पत्र के अनुसार, भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी डॉ. रजनीश सिंह की ओर 12 जून को प्रधानमंत्री को संबोधित एक ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी संदर्भ संख्या 60000260154331 है। शिकायत में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन से लेकर अब तक की समस्त वित्तीय गतिविधियों और संपत्तियों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की गई थी।
कोई सूचना उपलब्ध कराना संभव नहीं
शिकायत के निस्तारण के क्रम में प्रशासन ने ट्रस्ट के सचिव से संपर्क कर आवश्यक सूचना उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इसके जवाब में ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि वर्तमान समय में एसआईटी जांच चल रही है और संबंधित सभी सूचनाओं का संकलन जांच एजेंसी की ओर से किया जा रहा है। ऐसे में ट्रस्ट स्तर से अलग से कोई सूचना उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
अपर जिलाधिकारी ने कही ये बात
अपर जिलाधिकारी (कानून व्यवस्था) इंद्रकांत द्विवेदी ने कहा कि आईजीआरएस के निस्तारण में राम मंदिर ट्रस्ट से जानकारी मांगी गई थी, लेकिन एसआईटी जांच के चलते ट्रस्ट ने अभी तक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई है। राम मंदिर ट्रस्ट से सूचना मांगने का अधिकार भी उनके पास नहीं है।




