कोरबा । कोरबा जिले के दर्री क्षेत्र में हसदेव डैम के 10 नंबर गेट से करीब 30 फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर एक 30 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। युवती के शव पर सुबह मछुआरों की नजर पड़ी तो पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों ने बताया कि नंदनी पार्लर का काम सीखने जाती थी। सुबह जब घरवाले उठे तो वह घर पर नहीं मिली। आसपास पूछताछ करने पर पता चला कि डैम में एक युवती का शव मिला है। नंदनी के छोटे भाई ने बताया कि उसकी बहन की शादी नहीं हुई थी और वह करीब 30 साल की थी। सुबह फोन पर जानकारी मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचा तो बहन का शव देखकर स्तब्ध रह गया।
पुलिस का कहना है कि युवती ने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया, यह जांच का विषय है। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है। मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट होंगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि हसदेव डैम में इससे पहले भी कई लोग जान दे चुके हैं और कई ने आत्महत्या की कोशिश की है। डैम की ऊंचाई और सुरक्षा इंतजामों को लेकर लोगों ने सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि डैम पर सुरक्षा बढ़ाई जाए।




