कोरबा। कोरबा जिले के करतला थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में गुरुवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से हादसा हुआ। गरज-चमक के साथ हुई बारिश के दौरान दशहरा चौक स्थित एक इमली के पेड़ पर बिजली गिरी। इस घटना में 6 साइबेरियन पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने गांव में लगे तड़ित चालक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि तड़ित चालक लगे होने के बावजूद बिजली पेड़ पर गिरी। ग्रामीणों ने प्रशासन से सभी तड़ित चालकों का तकनीकी परीक्षण कराने की मांग की है।
उन्होंने खराब उपकरणों को तुरंत बदलने और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त उच्च क्षमता वाले तड़ित चालक लगाने की अपील की। विशेषज्ञों की टीम से पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया है।




