Home » कोरबा » कोरबा: बिना ड्राइवर चली गाड़ी, रोकने के प्रयास में फिसला ट्रेलर चालक का पैर; पहियों तले कुचलकर मौत

कोरबा: बिना ड्राइवर चली गाड़ी, रोकने के प्रयास में फिसला ट्रेलर चालक का पैर; पहियों तले कुचलकर मौत

कोरबा । कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र के रिंग रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रेलर ड्राइवर की पहियों के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची बालको पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक CG 12 AW 2243 मानिकपुर खदान से कोयला लेकर बालको प्लांट पहुंचा था। दोपहर करीब 1 बजे चालक संतोष कुमार खैरवार (47), निवासी कोरबा, रिंग रोड स्थित शर्मा पेट्रोल पंप के पास ट्रेलर खड़ा कर नीचे उतरा

इसी दौरान ट्रेलर अचानक बिना चालक के आगे बढ़ने लगा। वाहन को आगे बढ़ता देख संतोष कुमार उसे रोकने के लिए दौड़ा, लेकिन जल्दबाजी में उसका पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ने से वह सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

चश्मदीदों ने बताई हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ड्राइवर ने ट्रेलर को रोकने की पूरी कोशिश की, लेकिन वाहन पर नियंत्रण नहीं हो सका। ब्रेक नहीं लगने और सड़क पर फिसलन के कारण वह हादसे का शिकार हो गया।

घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

रिंग रोड पर लगातार हो रहे हादसे

स्थानीय लोगों का कहना है कि बालको रिंग रोड पर कोयला परिवहन करने वाले ट्रेलर, डंपर और हाइवा की लगातार आवाजाही रहती है। भारी वाहनों के दबाव के बावजूद यहां प्रभावी ट्रैफिक नियंत्रण और गति पर निगरानी नहीं होने से आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।

यह पिछले पांच दिनों में रिंग रोड पर दूसरा बड़ा हादसा है। इससे पहले तेज रफ्तार भारी वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram