Home » कोरबा » कोरबा: पिता- पुत्र पर गिरी आकाशीय बिजली, पिता की मौत, बेटा झुलसा

कोरबा: पिता- पुत्र पर गिरी आकाशीय बिजली, पिता की मौत, बेटा झुलसा

कोरबा। कोरबा जिले में मौसम के अचानक बदलने से एक बड़ी अनहोनी हो गई। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमान में शुक्रवार दोपहर खेत में काम कर रहे किसान पिता-पुत्र पर आकाशीय बिजली गिर गई। हादसे में 75 वर्षीय किसान धनीराम पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र धनेश्वर पटेल गंभीर रूप से बेहोश हो गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही मौसम बदला हुआ था। आसमान में बादल घिरे थे और बीच-बीच में बिजली चमक रही थी। धनीराम पटेल अपने बेटे धनेश्वर पटेल के साथ खेत पर धान की फसल में छिड़काव कर रहे थे। पिता खेत के मेड़ पर खड़े थे और बेटा छिड़काव में लगा हुआ था। मौसम खराब होते देख दोनों घर लौटने की तैयारी कर ही रहे थे कि अचानक जोर की आवाज के साथ आकाशीय बिजली सीधे उन पर गिर गई। बिजली गिरते ही दोनों जमीन पर गिर पड़े।

हादसे के बाद कुछ देर तक आसपास सन्नाटा रहा। थोड़ी देर बाद जब पुत्र धनेश्वर को होश आया तो उसने चीख-पुकार मचाई। उसकी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसान दौड़े-दौड़े मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत 108 एम्बुलेंस को फोन किया। एम्बुलेंस की मदद से पिता-पुत्र को कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद 75 वर्षीय धनीराम पटेल को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुत्र धनेश्वर पटेल की हालत अब बेहतर बताई जा रही है और उसका इलाज चल रहा है।
इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घर से खेत पर काम करने निकले पिता की लाश लौटने की खबर से पूरा परिवार सदमे में है। मृतक के बेटे धनेश्वर पटेल ने बताया कि वह और उसके पिता रोज की तरह खेती कर रहे थे। मौसम देखकर दोनों घर निकल ही रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला अस्पताल चौकी पुलिस मामले में परिजनों का बयान दर्ज किया है। मानसून के दौरान किसानों से अपील की गई है कि मौसम खराब होने पर खुले खेतों में काम न करें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें।
Facebook
X
WhatsApp
Telegram