वॉशिंगटन डीसी/ तेहरान । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर ईरान उनकी हत्या करता है तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा। न्यूयॉर्क पोस्ट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “मैं काफी समय से उनके निशाने पर हूं। अगर मेरे साथ कुछ हुआ तो मैंने पहले ही ऐसे आदेश दे दिए हैं कि ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जाए।”
ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में यह भी कहा कि अमेरिका ईरान से बातचीत के लिए तैयार हो गया है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि दोनों देशों के बीच हुआ सीजफायर अब खत्म हो चुका है।
उधर, इजराइली मीडिया कान न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने इजराइल से अपने 12 F-22 स्टेल्थ फाइटर जेट वापस बुलाने शुरू कर दिए हैं। ये विमान फरवरी से इजराइल के ओवदा एयरबेस पर तैनात थे। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इन्हें ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान के लिए भेजा गया था और इन्होंने हालिया हमलों में भी हिस्सा लिया था।
ईरान बोला- दुश्मन की हर गतिविधि पर नजर
ईरान ने कहा है कि उसकी सेना दुश्मन की हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघेई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि देश के तटों, द्वीपों, सीमाओं और अन्य संवेदनशील इलाकों में तैनात सशस्त्र बल पूरी तरह सतर्क हैं।
बघेई ने कहा, “हमारे बहादुर जवान दुश्मन की हर गतिविधि पर लगातार नजर रख रहे हैं और देश की सुरक्षा में जुटे हैं।”
ट्रम्प बोले- मेरी हत्या की कोशिश हुई तो ईरान को तबाह कर देंगे
ट्रम्प ने कहा है कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की कोशिश की तो अमेरिका हजारों मिसाइलों से जवाब देगा। ट्रुथ सोशल पर उन्होंने दावा किया कि “एक हजार मिसाइलें पहले से तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर हजारों और दागी जाएंगी।”
ट्रम्प ने कहा कि अगर ईरानी सरकार ने अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति की हत्या करने या उसकी कोशिश करने की अपनी कथित धमकी पर अमल किया, तो ईरान के कई इलाकों को पूरी तरह तबाह कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस कार्रवाई के आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना कम से कम एक साल तक ऐसे किसी भी जवाबी अभियान के लिए पूरी तरह तैयार है।
अमेरिका बोला- ईरान होर्मुज खुला रखे, वरना अंजाम अच्छा नहीं होगा
अमेरिका ने ईरान को चेतावनी दी है कि होर्मुज स्ट्रेट हर हाल में खुला रहना चाहिए। एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि अगर जहाजों पर हमले जारी रहे या इस अहम समुद्री रास्ते में रुकावट आई, तो “ईरान के लिए अंजाम अच्छा नहीं होगा।”
अमेरिका का कहना है कि ईरान को सार्वजनिक तौर पर भरोसा देना होगा कि अब किसी भी कारोबारी जहाज को निशाना नहीं बनाया जाएगा और होर्मुज स्ट्रेट सभी देशों के लिए खुला रहेगा।
ईरानी धर्मगुरु बोले- कुछ लोग चाहते हैं जंग जारी रहे
ईरान के धर्मगुरु सैयद अली खोमैनी ने कहा है कि कुछ लोग चाहते हैं कि अमेरिका के साथ युद्ध जारी रखा जाए। उनका कहना है कि ऐसा इसलिए कहा जा रहा है ताकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को नुकसान पहुंचे।
खोमैनी ने कहा, “कुछ लोगों का मानना है कि हमें जंग जारी रखनी चाहिए, ताकि ट्रम्प कमजोर हों। अमेरिका में तीन महीने बाद चुनाव हैं और इससे रिपब्लिकन पार्टी हार सकती है।” हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह इस राय से सहमत हैं या नहीं।





