कोरबा। बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी बस स्टैंड के पास बुधवार को तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार तीन स्कूली बच्चों को रौंद दिया। हादसे में सगे भाई-बहन की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने अंबिकापुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर करीब 2 घंटे तक चक्काजाम कर दिया।
चक्काजाम के कारण नेशनल हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्री बसें, चार पहिया और बाइक सवार जाम में फंसे रहे। करीब 2 घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद तहसीलदार ने मृतक बूटी और दशरथ के परिजनों को 25-25 हजार रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की। इसके बाद ग्रामीण माने और जाम खोला गया।
पुलिस ने टैंकर को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से कोनकोना बस्ती में शोक की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि पोड़ी बस स्टैंड के पास अक्सर तेज रफ्तार वाहन हादसे करते हैं। यहां स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त की मांग की गई है।




