कोरबा । कोरबा के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित SECL सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अंकित सोनवानी नामक युवक अपने घर के कमरे में खून से लथपथ मिला था। रिश्तेदार उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अंकित सोनवानी SECL कर्मी हीरा लाल सोनवानी और SECL चिकित्सा विभाग में कार्यरत कुमुदनी सोनवानी का बड़ा बेटा था। वह दो भाइयों में सबसे बड़ा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है। रिश्तेदारों के अनुसार, बुधवार को अंकित शराब के नशे में घर आया था और सीधे अपने कमरे में चला गया।
कमरे में उसकी पत्नी भी मौजूद थी। कुछ देर बाद अंकित अचानक गिर गया और उसके पैर में कोई नुकीली वस्तु घुस गई, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर उसका छोटा भाई और बाकी रिश्तेदार मौके पर पहुंचे।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही रिश्तेदार अंकित को तत्काल SECL के विभागीय अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। रिश्तेदार उसे निजी अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।
माता-पिता ड्यूटी पर थे
मृतक के छोटे भाई आशीष सोनवानी ने बताया कि घटना के समय उनके माता-पिता दोनों ड्यूटी पर थे। पिता हीरा लाल सोनवानी कुसमुंडा खदान में पदस्थ हैं, जबकि मां कुमुदनी सोनवानी SECL के चिकित्सा विभाग में कार्यरत हैं। ड्यूटी से लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली।
मौत के कारणों का नहीं हो सका खुलासा
सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया और रिश्तेदारों के बयान दर्ज किए। फिलहाल, युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।




