Home » राष्ट्रीय » फिर लौट रही महामारी? इस महीने देश में कोरोना के 339 नए मामले, आंध्र प्रदेश में 4 की मौत

फिर लौट रही महामारी? इस महीने देश में कोरोना के 339 नए मामले, आंध्र प्रदेश में 4 की मौत

नई दिल्ली । न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक 1-16 जुलाई तक पूरे देश में कोरोना के करीब 339 मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 115 मामले केरल में दर्ज किए गए। इसके बाद कर्नाटक (64), महाराष्ट्र (43), तमिलनाडु (39), अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और दिल्ली (दोनों में 18-18), राजस्थान (12) और कुछ अन्य राज्यों में भी मामले सामने आए।

इससे पहले जून में आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में संक्रमण के मामले सामने आने के बाद से चर्चाएं तेज हो गई थीं। आंध्र प्रदेश में अब तक 12 लोगों को संक्रमण का शिकार पाया गया है, जबकि कोरोना ने चार लोगों की जान ले ली है।

आंध्र प्रदेश में कोरोना से 4 की मौत


आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरापांडियन ने गुरुवार को बताया कि 26 जून से 16 जुलाई के बीच राज्य में कोविड-19 के 12 मामले सामने आए। इनमें से 4 मरीजों की मौत हो गई।

  • जिन चार लोगों की मौत हुई, वे पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।
  • इन मरीजों की सेहत पहले से ही कमजोर थी, इसलिए संक्रमण उनके लिए ज्यादा खतरनाक साबित हुआ।
  • चार मौतों में से तीन कडप्पा जिले जबकि एक व्यक्ति की मौत काकीनाडा जिले में हुई।

आयुक्त के अनुसार, साल 2026 में आंध्र प्रदेश का पहला कोविड-19 मरीज 26 जून को कडप्पा जिले में मिला था। इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दो लोगों को यह संक्रमण, संक्रमित व्यक्ति के बेहद करीब रहने या लगातार संपर्क में आने से हुआ।

आसानी से ठीक हो रहे मरीज

स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरापांडियन ने बताया कि 26 जून से 15 जुलाई के बीच राज्य में कोविड-19 की जांच के लिए 67 टेस्ट किए गए। इनमें 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 12वां मरीज तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान संक्रमित पाया गया।

  • 3 मरीज घर पर ही डॉक्टरों की सलाह के अनुसार होम आइसोलेशन में हैं, 2 अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और 3 मरीज पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।

राहत की बात यह है कि अभी तक ये मामले किसी एक इलाके या बड़े समूह से जुड़े नहीं मिले हैं। सभी मरीज अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आए हैं, इसलिए फिलहाल इसे सामूहिक संक्रमण (क्लस्टर) नहीं माना जा रहा। कई मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं, कुछ का इलाज चल रहा है और कुछ लोग घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram