नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP का फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन शुरू हो गया है। CJP का संसद मार्च के बाद दिल्ली पुलिस ने सोमवार शाम 5 बजे जंतर-मंतर खाली करा दिया था।
प्रदर्शनकारी और अभिजीत दीपके 6 घंटे बाद फिर लौट आए। सोमवार रात 11 बजे तक भारी तादाद में लोग जमा हो गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दीपके ने एक बातचीत में कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च करेंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा होने तक आंदोलन जारी रहेगा और जंतर-मंतर से नहीं हटेंगे।
प्रदर्शनकारी धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत तीन मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे हैं। सोमवार को दीपके समेत CJP समर्थकों ने संसद तक मार्च किया था।
पिछले 14 साल में पहली बार प्रदर्शनकारियों की भीड़ संसद के दरवाजे तक पहुंची है। इससे पहले, 2012 में निर्भया कांड के विरोध में इस इलाके में बड़े स्तर पर प्रदर्शन हुआ था।
पुलिस संसद मार्च के CCTV फुटेज जांच रही
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘चलो संसद’ प्रदर्शन में हुई हिंसा की जांच दिल्ली पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो देखकर उपद्रवियों की पहचान कर रही है।
पुलिस के पास मोबाइल, सीसीटीवी, ड्रोन और बॉडी कैमरों से मिली 250 से ज्यादा वीडियो फुटेज हैं। इनकी मदद से हिंसा में शामिल लोगों का पता लगाया जा रहा है।
दिल्ली में सफदरजंग अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाई
सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने सफदरजंग अस्पताल से वांगचुक की मेडिकल रिपोर्ट और हेल्थ बुलेटिन जमा करने को कहा है। कोर्ट आज मंगलवार को रिपोर्ट देखने के बाद इस पर फैसला लेगा।
CP के पास हिंसा के मामले में FIR दर्ज
दिल्ली के कॉनॉट प्लेस स्थित रीगल सिनेमा के पास हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ी हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में FIR भी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
CJP बोली- लाठीचार्ज सिर्फ पुलिस ने किया
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि लाठीचार्ज सिर्फ पुलिस ने किया। हमारे युवाओं को पीटा गया, उनके सिर फोड़ दिए गए और उन्हें सड़कों पर घसीटा गया। सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि मैडम को ट्रक से नीचे उतारने के लिए उनके बाल खींचे गए।
हमारे कई लोगों की पसलियां टूट गईं। हमने ऐसी बर्बरता की कभी उम्मीद नहीं की थी। दिल्ली पुलिस ने कल सारी हदें पार कर दीं। साफ है कि लोगों को पीटने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन इससे आंदोलन और बड़ा होगा। अब और ज्यादा लोग दिल्ली आएंगे। जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, हम यहां से नहीं हटेंगे।
सरकार के साथ हुई बैठक पर उन्होंने कहा कि हमें कोई जवाब नहीं मिला। पांच घंटे बर्बाद हुए। अब अगर सरकार हमसे बात करना चाहती है, तो उसे यहां आकर बातचीत करनी होगी।




