Home » राष्ट्रीय » कॉकरोच पार्टी समर्थकों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद में जोरदार हंगामा, काले कपड़े पहनकर पहुंचे कांग्रेस सांसद

कॉकरोच पार्टी समर्थकों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद में जोरदार हंगामा, काले कपड़े पहनकर पहुंचे कांग्रेस सांसद

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के दौरान बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थकों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने लोकसभा में कहा- 20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान पुलिस को बेटियों के कपड़े फाड़ने का अधिकार किसने दिया?

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार नीट पेपर लीक पर सदन में चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि चर्चा नियमों के तहत होती है। सभी दलों के साथ मिलकर स्पीकर तय करें। युवाओं के भविष्य के लिए सार्थक चर्चा हो।

लोकसभा की कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई, लेकिन हंगामे के चलते एक मिनट बाद ही कार्यवाही स्थगित कर दी गई। दोपहर 12 बजे कार्यवाही दोबारा शुरू हुई, लेकिन हंगामे के कारण करीब 5 मिनट बाद फिर से दोपहर 2 बजे तक स्थगित करनी पड़ी। राज्यसभा कार्यवाही भी 2 बजे तक स्थगित है।

राहुल गांधी समेत कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के सांसद काले कपड़े पहनकर संसद पहुंचे हैं। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राहुल गांधी छात्रों के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं।

छात्रों पर पुलिस कार्रवाई पर राज्यसभा में चर्चा की मांग, कांग्रेस सांसदों ने स्थगन प्रस्ताव दिया

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी और सैयद नासिर हुसैन ने बुधवार को राज्यसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस देकर छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और देश की परीक्षा व्यवस्था पर चर्चा की मांग की।

नोटिस में छात्रों पर पुलिस कार्रवाई, NEET पेपर लीक और CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग प्रणाली में अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया। कांग्रेस सांसदों ने कहा कि इन मामलों पर सदन में तत्काल चर्चा कराई जानी चाहिए।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram