नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है। गुरुवार सुबह से ही हजारों लोग वहां जमा हैं। पार्टी प्रमुख अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि भाजपा के भेजे गुंडे प्रदर्शनकारियों के बीच आकर पत्थरबाजी कर रहे हैं।
दरअसल गुरुवार रात को जंतर-मंतर से एक किमी दूर पुलिस और प्रदर्शनकारी में झड़प हुई थी। पुलिस पर पत्थरबाजी के बाद लाठीचार्ज किया गया था। इसमें 2 ACP समेत 5 पुलिसकर्मी जख्मी हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है।
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में शुक्रवार को सुनवाई होगी। एक जनहित याचिका में अपील की गई थी कि प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली को बंधक बना दिया है। कई सड़कें बंद हैं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने कहा कि ठीक है, कल सुनवाई होगी।
MNS प्रमुख राज ठाकरे ने कहा- शिक्षा मंत्री को हटाए सरकार
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को मुंबई में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। दोनों ने NEET पेपरलीक मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की। राज ठाकरे ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गृह मंत्री को पद से हटाया गया था, उसी तरह अब शिक्षा मंत्री को हटाया जाना चाहिए।
बुधवार रात को फुटपाथ पर पत्थरों के स्लैब रखकर सोते हुए प्रदर्शनकारी।
पुलिस के लगाए बैरिकेड्स पर भी कई प्रदर्शनकारी रात गुजारते नजर आए।
शूटर अभिनव बिंद्रा ने कहा- शिक्षा तंत्र को मजबूत बनाएं
शूटर अभिनव बिंद्रा ने कहा, ‘मैंने कभी खुद को राजनीतिक व्यक्ति नहीं माना। लेकिन मेरा मानना है कि कुछ मुद्दे ऐसे होते हैं जो हम सभी के हैं, चाहे हमारे राजनीतिक विचार कुछ भी हों। शिक्षा ऐसा ही एक मुद्दा है।’
उन्होंने कहा, ‘मेरी उम्मीद है कि हम सभी एकजुट होकर अपने शिक्षा तंत्र को लगातार और मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करें, ताकि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए अवसर का मजबूत आधार बना रहे।’
शिखर धवन ने मिलीजुली प्रतिक्रिया दी, लिखा- धैर्य रखें
क्रिकेटर शिखर धवन ने कहा, ‘हमारे युवा ही हमारे देश का भविष्य हैं। उनके सपनों, उम्मीदों और आकांक्षाओं को समझना जितना जरूरी है, उतना ही कठिन समय में धैर्य बनाए रखना और देश की संस्थाओं तथा सरकार पर भरोसा रखना भी आवश्यक है।’
उन्होंने कहा,’मेरा मानना है कि हर चुनौती का समाधान धैर्य और संयम से ही निकलता है। भारत हमेशा आगे बढ़ा है और आगे भी इसी तरह निरंतर प्रगति करता रहेगा।’
मेट्रो स्टेशन बंद होने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा
छात्र प्रदर्शनों के बीच सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने का मामला गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया। सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से अपील की। उन्होंने कहा कि कम से कम सुप्रीम कोर्ट के वकीलों, कोर्ट स्टाफ और वैध प्रवेश पास रखने वाले पक्षकारों को स्टेशन से बाहर निकलने की अनुमति दी जाए।
इसके बाद सीजेआई ने कहा कि जरूरत पड़ने पर दखल दिया जाएगा। दरअसल, गुरुवार सुबह दिल्ली के 16 मेट्रो स्टेशन अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
पीएम के पोस्ट के बाद CJP ने कहा- प्रधानमंत्री इस्तीफा दें
पेपर लीक मामले पर पीएम मोदी के पोस्ट के बाद CJP ने X पर प्रधानमंत्री की फोटो पोस्ट कर लिखा- प्रधानमंत्री जी इस्तीफा दो।




