Home » कोरबा » कोरबा: कार्बन फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दूर-दूर तक दिखाई देने लगा काले धुएं का विशाल गुबार

कोरबा: कार्बन फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दूर-दूर तक दिखाई देने लगा काले धुएं का विशाल गुबार

कोरबा। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया,खरमोरा में शनिवार को अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह है कि उसकी ऊंची लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का विशाल गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। देखते ही देखते पूरा इलाका धुएं से घिर गया, जिससे आसपास के रहवासी क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार्बन फैक्ट्री में आग लगने के कुछ ही मिनटों में धुएं का घना गुबार कई सौ फीट ऊपर तक फैल गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। कुछ ही देर में दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया।
आग की लपटों के बीच काला धुआं पूरे आसमान को ढंकता नजर आ रहा है। वहीं फायर ब्रिगेड और पुलिस के सायरन लगातार गूंजते रहे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील सामग्री में आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद जांच शुरू करने की बात कही है।

Facebook
X
WhatsApp
Telegram