नई दिल्ली। विपक्षी सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर प्रदर्शन किया। सांसद पप्पू यादव पुजारी के वेश में दानपेटी लेकर पहुंचे।
वह मकर द्वार पर बैठे। विपक्षी सांसदों ने एक-एक करके उनकी दानपेटी में चंदा डाला। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी चंदा डाला। साथ ही सांसद बैनर लेकर पहुंचे जिसमें ‘अमित शाह संसद से गायब क्यों’ लिखा हुआ था।

इधर लोकसभा और राज्यसभा में 11 बजे कार्यवाही शुरू हुई। लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा 12 बजे तक और राज्यसभा तीन अगस्त तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
आज लोकसभा में जन्म-मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) बिल, 2026 पास हुआ। केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने इसका प्रस्ताव रखा। वहीं सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने से जुड़े संशोधन बिल पर चर्चा हो सकती है।
लोकसभा में राहुल के खिलाफ विशेषाधिकार नोटिस
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला को विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपा है।
अनुराग का आरोप है कि राहुल गांधी ने को गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। गंभीर व बेबुनियाद आरोप लगाए।
दरअसल, बुधवार को राहुल ने पेपर लीक संशोधन बिल पर बोलते हुए गृह मंत्री अमित शाह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। राहुल के भाषण के एक हिस्से को स्पीकर ओम बिरला ने कार्यवाही से हटा दिया था।
राज्यसभा की कार्यवाही 3 अगस्त तक स्थगित
राज्यसभा की कार्यवाही को 3 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।




