कोरबा। जिले के कटघोरा के एक सोनार को महिला झपटमार गैंग से चोरी का सोना खरीदने के आरोप में रतनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 67 ग्राम यानी करीब 7 तोला गला हुआ सोना बरामद किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गौतम दुबे (35) पिता राजेंद्र कुमार दुबे, निवासी मोहलाईनभाठा, कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पहले पकड़े गए महिला झपटमारों से पूछताछ के दौरान सोनार का नाम सामने आया था। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए उसे गिरफ्तार किया।
बस और भीड़भाड़ वाली जगहों पर करती थी वारदात
यह मामला महिला झपटमार गैंग से जुड़ा है। कुछ दिन पहले कोरबा पुलिस ने एक यात्री बस को रोककर गैंग के सदस्यों को पकड़ा था। आरोप है कि महिलाएं बसों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यात्रियों की सोने की चेन और मंगलसूत्र झपटकर फरार हो जाती थीं।
पुलिस के मुताबिक, गैंग के सदस्यों ने कोरबा में भी कई झपटमारी की वारदातों को अंजाम दिया था। इस मामले में कोरबा पुलिस की कार्रवाई और पूछताछ को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
रतनपुर पुलिस ने की जांच
रतनपुर पुलिस ने झपटमारी के मामलों की कड़ी जोड़ते हुए चोरी का सोना खरीदने वाले सोनार तक पहुंच बनाई। थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय और प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही।





