Home » कोरबा » कोरबा में मूसलाधार बारिश, नदी-नाले उफान पर, जनजीवन अस्त-व्यस्त; घरों में घुसा पानी

कोरबा में मूसलाधार बारिश, नदी-नाले उफान पर, जनजीवन अस्त-व्यस्त; घरों में घुसा पानी

कोरबा। कोरबा जिले में सोमवार (24 अगस्त) दोपहर से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए। नगर निगम क्षेत्र के दादर नाला, मानिकपुर, डिपरा पारा बाईपास और पोड़ीबहार नाला में अचानक जलस्तर बढ़ गया। दादर नाले के किनारे बने करीब आधा दर्जन घरों में पानी घुस गया, जिससे घरेलू सामान खराब हो गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हुए।

नाले का जलस्तर बढ़ने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों समेत कई लोग घंटों तक फंसे रहे। तेज बहाव के बीच नाला पार करने की कोशिश कर रहे कई बाइक और एक्टिवा सवार भी बहने से बाल-बाल बच गए।

हर साल बारिश में बिगड़ती है स्थिति

स्थानीय लोगों का कहना है कि दादर और पोड़ीबहार नाले में हर साल बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बनती है। थोड़ी तेज बारिश होते ही नाले ओवरफ्लो हो जाते हैं और आसपास के इलाकों का संपर्क प्रभावित हो जाता है। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से हर साल पक्के निर्माण और चौड़ीकरण का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

लोगों ने नाले का पक्का निर्माण कराने के साथ पुलिया को ऊंचा करने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान आवागमन बाधित न हो।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने और तेज बहाव वाले रास्तों को पार करने से बचने की अपील की गई है।

 

Facebook
X
WhatsApp
Telegram