कोरबा। कोरबा-बालको मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को चेक पोस्ट के समीप दो बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर तीन युवक सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक युवक था। बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार तीनों युवक बालको स्थित अमर होटल के कर्मचारी हैं, जो काम खत्म कर लौट रहे थे। इसी दौरान चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद सड़क पर गिरे चारों युवक
टक्कर के बाद चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल बालको पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को तुरंत जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना था। बालको मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने मौके से दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बालको थाना पुलिस ने घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस ने बताया कि बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, हेलमेट का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।




