बिलासपुर। बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र की आरपीएफ कॉलोनी के पास गुरुवार को चौकीदार का शव खून से लथपथ हालत में मिला है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि अज्ञात हमलावर ने सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की है।
मृतक रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़े सामान के गोदाम की रखवाली करता था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। हत्या की सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है। FSL टीम और डॉग स्क्वायड को भी जांच के लिए बुलाया गया। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे वारदात के दौरान वहां आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके।
हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस फिलहाल हत्या के कारण और आरोपी की पहचान को लेकर जांच कर रही है। चौकीदार की किसी से पुरानी रंजिश थी या किसी अन्य वजह से हत्या की गई, इसे लेकर भी पुलिस आसपास के लोगों और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।




